1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Kerala: "औद्योगिक घरानों का ऋण माफ, लेकिन कर्ज में डूबे किसानों के लिए कुछ नहीं", राहुल का केंद्र पर वार

Kerala: "औद्योगिक घरानों का ऋण माफ, लेकिन कर्ज में डूबे किसानों के लिए कुछ नहीं", राहुल का केंद्र पर वार

 Edited By: Akash Mishra
 Published : Jul 01, 2022 07:01 pm IST,  Updated : Jul 01, 2022 07:01 pm IST

Kerala: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर किसानों को लेकर उसकी नीतियों की काफी आलोचना की। उन्होंने किसानों को देश की तथा कृषि को आधुनिक अर्थव्यवस्था की बुनियाद बताया।

Congress leader Rahul Gandhi (File Photo)- India TV Hindi
Congress leader Rahul Gandhi (File Photo) Image Source : PTI

Highlights

  • "कृषि को आज उपेक्षित छोड़ दिया गया है"
  • "किसानों को हर ओर से उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है"

Kerala: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को देश के किसानों के प्रति केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उसने बड़े औद्योगिक घरानों का ऋण माफ कर दिया लेकिन गले तक कर्ज में डूबे किसान समुदाय के लिए कुछ नहीं किया। SFI कार्यकर्ताओं द्वारा यहां उनके कार्यालय में तोड़फोड़ किये जाने के बाद गांधी ने केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) पर भी हमला किया। गांधी ने आरोप लगाया कि उसके पास किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने की कोई योजना नहीं है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इंसान-जानवर संघर्ष के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया। गांधी वायनाड जिले के मनानथावडी में एक किसान सेवा सहकारी बैंक के नये भवन का उद्घाटन कर रहे थे। 

"किसान एवं कृषि को आज उपेक्षित छोड़ दिया गया है"

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों को देश की तथा कृषि को आधुनिक अर्थव्यवस्था की बुनियाद बताया। गांधी ने कहा कि दुनिया में ऐसा कोई देश नहीं है जो कृषि के विकास के बगैर सफलतापूर्वक विकास कर पाया हो। कांग्रेस सांसद ने कहा कि लेकिन किसान एवं कृषि को आज उपेक्षित छोड़ दिया गया है तथा किसानों को हर ओर से उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। विवादास्पद कृषि कानूनों की आलोचना करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इसे कृषि समुदाय को घेरने एवं फंसाने के लिए बनाया गया । उन्होंने आरोप लगाया कि इन कृषि कानूनों का मूल विचार यह था कि किसानों की कठित मेहनत का लाभ बड़े व्यापारियों को मिले। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकारों से किसानों एवं कृषि की रक्षा करने का नजरिया रखने की अपील की। इसके साथ गांधी ने यह भी कहा कि इस विचार में सुधार करने की जरूरत है कि बड़े व्यापारियों एवं किसानों के साथ अलग अलग तरीके से बर्ताव किया जा सकता है। 

माकपा प्रदेश मुख्यालय पर हमले को लेकर उत्पन्न तनाव के बीच 'राहुल' का केरल दौरा

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘बड़े व्यापारी कर्ज लेते हैं, कर्ज अदायगी से मुकर जाते हैं, उनका कर्ज माफ कर दिया जाता है। वे करोड़ों रूपये ले सकते हैं और कर्ज माफ कर दिया जाता है एवं कोई सवाल भी नहीं पूछा जाता। उनसे कोई नहीं पूछता कि आपने यह क्या किया या कैसे आपने पैसे गंवा दिये, वे कहते हैं कि यह देश के लिए महत्वपूर्ण है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ तो करोड़ों रूपये का कर्ज माफ कर दिया जाता है जबकि दूसरी तरफ, जब किसान छोटी राशि का ऋण लेते हैं तो उसे माफ नहीं किया जाता है। आपको बता दें कि गांधी की यह यात्रा केरल में सत्तारूढ़ माकपा के प्रदेश मुख्यालय एकेजी सेंटर पर कथित हमले को लेकर उत्पन्न तनाव के बीच हो रही है। इसलिए उनकी यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। माकपा ने एकेजी पर ‘बम हमले’ के पीछे कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत