Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ओम बिरला को पद से हटाने के प्रस्ताव पर कब होगी चर्चा और मतदान? किरेन रिजिजू ने बताई तारीख

ओम बिरला को पद से हटाने के प्रस्ताव पर कब होगी चर्चा और मतदान? किरेन रिजिजू ने बताई तारीख

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj Published : Feb 15, 2026 02:45 pm IST, Updated : Feb 15, 2026 03:13 pm IST

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि संसद का दूसरा बजट सत्र काफी दिलचस्प होने वाला है। इस सत्र में कई अहम विधेयक पेश किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला- India TV Hindi
Image Source : PTI केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा और उसके बाद मतदान नौ मार्च को होगा। रिजिजू ने कहा कि बजट सत्र का दूसरा चरण नौ मार्च से दो अप्रैल तक निर्धारित है। उन्होंने कहा सत्र 'दिलचस्प' होगा क्योंकि कई 'अहम' विधेयक को संसद में चर्चा और पारित होने के लिए पेश किया जाएगा। 

चर्चा के बाद ही होगा मतदान

इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विपक्षी दल सत्र के पहले चरण की तरह विरोध को जारी रखते हैं तो अंततः यह उनके लिए ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा, 'नौ मार्च को लोकसभा में अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। नियम के अनुसार इस पर पहले दिन ही चर्चा होती है। चर्चा के बाद मतदान होगा।' 

28 जनवरी से शुरू हुआ था बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को लोकसभा एवं राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश किया। बजट सत्र का अगला चरण नौ मार्च को पुनः शुरू होगा जो दो अप्रैल को समाप्त होगा। 

विशिष्ट मंत्रालयों की पहचान करने की योजना

अरुणाचल पश्चिम में अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए रिजिजू ने बताया कि सत्र के दूसरे चरण के दौरान सरकार चर्चा के लिए विशिष्ट मंत्रालयों की पहचान करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा, 'लोकसभा में हम पांच मंत्रालयों में अनुदान मांगों पर चर्चा करेंगे और राज्यसभा में हम पांच अन्य मंत्रालयों के कामकाज पर चर्चा करेंगे। राज्यसभा में अनुदान की मांगों पर नहीं बल्कि मंत्रालयों पर चर्चा होगी।' 

काफी रोचक होगा दूसरा सत्र

मंत्री ने बताया कि सरकार राज्यसभा में चर्चा के लिए पांच मंत्रालयों का चयन करेगी और फिर लोकसभा के लिए पांच मंत्रालयों का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि बजट सत्र का दूसरा चरण रोचक होगा और कहा, 'यदि विपक्ष सदन की कार्यवाही में खलल डालता है तो हम बिना किसी चर्चा के उसे पारित करा देंगे। यह उनके लिए करारा झटका होगा।' 

महत्वपूर्ण विषय पर होगी चर्चा

जब उनसे पूछा गया कि सत्र का यह चरण विशेष रूप से रोचक क्यों होगा, तो उन्होंने कहा, 'हम कुछ महत्वपूर्ण विधेयक लाएंगे, जिनमें एक बेहद अहम विधेयक भी शामिल है। हम अभी यह खुलासा नहीं करेंगे कि वह विधेयक क्या है, लेकिन दूसरे चरण में हम एक बहुत ही महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा करेंगे। हम इन सभी विधेयकों को पारित करेंगे।'

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement