Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर आज वोटिंग, केंद्रीय मंत्री, पूर्व सीएम, एक्टर से लेकर पूर्व जज तक मैदान में

6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर आज वोटिंग, केंद्रीय मंत्री, पूर्व सीएम, एक्टर से लेकर पूर्व जज तक मैदान में

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : May 24, 2024 11:43 pm IST, Updated : May 25, 2024 06:28 am IST

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए शनिवार को 58 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में मनोज तिवारी, दिनेश लाल निरहुआ, महबूबा मुफ्ती, मनोहर लाल खट्टर समेत उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।

लोकसभा चुनाव 2024 - India TV Hindi
Image Source : FILE-PTI लोकसभा चुनाव 2024

नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीट समेत छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीट के लिए शनिवार यानी आज मतदान होगा। राष्ट्रीय राजधानी के अलावा उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, ओडिशा की छह, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर आज मतदान होगा। इसके अलावा ओडिशा की 42 विधानसभा सीट पर भी मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम छह तक जारी रहेगा।

1.13 करोड़ से अधिक लोग डालेंगे वोट

इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक लोग वोटर हैं। इनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5,120 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर भी मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अधिक संख्या में चुनावी पर्व में हिस्सा लेने और जिम्मेदारी एवं गर्व के साथ मतदान करने का भी आग्रह किया है।

इन दिग्गजों की चुनावी किस्मत का होगा फैसला

छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर (ओडिशा) से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (भाजपा), उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी (भाजपा) व कन्हैया कुमार (कांग्रेस), सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से मेनका गांधी (भाजपा), अनंतनाग-राजौरी (जम्मू और कश्मीर) से महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), तमलुक (पश्चिम बंगाल) से अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं। 

दिल्ली में आप-कांग्रेस ने इन्हें बनाया है उम्मीदवार

दि्ल्ली की सात लोकसभा सीट पर भाजपा और ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव से पहले ही ‘इंडिया’ गठबंधन के घटकों के बीच सीट को लेकर बनी सहमति के तहत आम आदमी पार्टी (आप) चार और कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है। यह पहला लोकसभा चुनाव है जब ‘आप’ और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा को चुनौती दे रहे हैं। ‘आप’ ने पूर्वी दिल्ली सीट से कुलदीप कुमार को, पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा को, नयी दिल्ली से सोमनाथ भारती को और दक्षिणी दिल्ली से सही राम पहलवान को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उदित राज को अपना प्रत्याशी बनाया है। 

बीजेपी ने इन नेताओं को दिया है टिकट

भाजपा ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी बनाया है और वह राष्ट्रीय राजधानी में अकेले मौजूदा सांसद हैं, जिन्हें पार्टी ने फिर से चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी को, नयी दिल्ली से बांसुरी स्वराज को, पूर्वी दिल्ली से हर्ष दीप मल्होत्रा, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल और पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को प्रत्याशी बनाया है। 

यूपी में इन सीटों पर डाले जाएंगे वोट

आम चुनाव के छठे चरण के लिए उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीट पर मतदान होगा, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ समेत 162 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। छठे चरण में प्रदेश के 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्‍ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही में मतदान होना है।

यहां मुकाबला कड़ा

सुलतानपुर में भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी का समाजवादी पार्टी (सपा) के रामभुआल निषाद और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उदयराज वर्मा से मुकाबला है। आजमगढ़ सीट पर निवर्तमान भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव से है। जौनपुर सीट पर बसपा के मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को पार्टी ने फिर चुनाव मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला सपा उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा और भाजपा के कृपाशंकर सिंह से है। 

झारखंड में इन उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत दांव पर

झारखंड के गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में 40.09 लाख महिलाओं सहित लगभग 82.16 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। झारखंड में सभी चार लोकसभा सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन और भाजपा के नेतृत्व वाले विपक्ष के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। रांची लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी एवं कांग्रेस नेता यशस्विनी सहाय का भाजपा के मौजूदा सांसद संजय सेठ के खिलाफ सीधा मुकाबला है।

धनबाद में भाजपा के बाघमारा से विधायक दुलु महतो और कांग्रेस के बेरमो से विधायक कुमार जयमंगल की पत्नी अनुपमा सिंह के बीच सीधी टक्कर है। जमशेदपुर में भाजपा के मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो और झामुमो के बहरागोरा से विधायक समीर मोहंती के बीच भी सीधी लड़ाई होने की संभावना है। गिरिडीह में ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी का मुकाबला झामुमो के टुंडी से विधायक मथुरा महतो से है। 

हरियाणा में ये दिग्गज लड़ रहे हैं चुनाव

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट के लिए चुनाव और करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के वास्ते शनिवार को मतदान होगा जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। हरियाणा में ज्यादातर सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है, जबकि करनाल विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपचुनाव लड़ रहे हैं। 

बिहार में इन सीटों पर डाले जाएंगे वोट

बिहार में छठे चरण में आठ सीट पर मतदान कराया जायेगा, जहां इन क्षेत्रों के करीब डेढ़ करोड़ मतदाता 86 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। प्रदेश की इन आठ सीट पर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है। इस चरण में जिन आठ सीट पर मतदान होगा उनमें, वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज शामिल हैं। ओडिशा में इस चरण में छह संसदीय क्षेत्रों- भुवनेश्वर, कटक, ढेंकानाल, क्योंझर, पुरी और संबलपुर तथा उनके अंतर्गत आने वाले 42 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। राज्य में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव साथ-साथ कराये जा रहे हैं। 

इनपुट-भाषा  

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement