Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर दो चरणों के लिए मतदान किया जा चुका है। 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान किया जा चुका है। इस बीच अभी मतदान के लिए 5 और चरण बाकी हैं। 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में वोटिंग की जाएगी। 4 जून को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। बता दें कि तीसरे चरण में 12 राज्यों की 94 सीटों, चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों, पांचवे चरण में 8 राज्यों की 49 सीटों, छठे चरण में 7 राज्यों की 57 सीटों और सातवें चरण में 8 राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग की जाएगी।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों की 18 वीं लिस्ट जारी की। पालघर सीट से डॉ. हेमंत विष्णु सावरा को उम्मीदवार बनाया।
मध्य प्रदेश के विदिशा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "आज भारत विश्व अर्थव्यवस्था में 5वें स्थान पर है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा... 10 साल पहले आपके पास जो मोबाइल फोन थे, वे चीन, कोरिया या ताइवान में बने थे। अब जो मोबाइल फोन आप उपयोग करते हैं वे भारत में बन रहे हैं।"
गुजरात के जामनगर की सभा में पीएम मोदी ने कहा, "जब देश में जिहाद के नाम पर आतंकी हमले होते थे तब उन आतंकियों की वक़ालत में सबसे पहले कांग्रेस के लोग आते थे। 26/11 हमले में कसाब और दूसरे आतंकियों को बचाने के लिए कांग्रेस के नेता आगे आए। दिल्ली में बाटला हाउस एंकाउंटर में जिहादी मारे गए तो कांग्रेस की मैडम के आंखों से आंसू बह रहे थे।"
WFI के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को भाजपा ने कैसरगंज सीट से चुनाव में उतारा है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है, पार्टी को धन्यवाद देते हैं। कल नामांकन दाखिल होगा।"
जूनागढ़ के बाद जामनगर में सभा को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री, जामनगर से बीजेपी प्रत्याशी पूनम माडम के समर्थन में सभा आयोजन किया गया
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए रायबरेली सीट से भारतीय जनता पार्टी का टिकट मिलने पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, "मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। मैंने गांधी परिवार में जन्म नहीं लिया है। मैंने सोने के चम्मच में चांदी की थाली में खाना नहीं खाया है। मैं गरीब घर का बेटा था। गरीब का दर्द और सुख कैसे बांटा जा सकता है, दिनेश सिंह भली-भांति जानता है। रायबरेली से नकली गांधियों की विदाई तय है।"
ओडिशा: केंद्रीय मंत्री और संबलपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने अपना नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "महालक्षमी योजना हिंदुस्तान की अगली सरकार बनाने जा रही है। हर गरीब परिवार की लिस्ट बनाई जाएगी। हर परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा और साल के एक लाख रुपए उस महिला के बैंक अकाउंट में चले जाएंगे। हर महीने 8,500 रुपए खटाखट-खटाखत आपके बैंक अकाउंट में जाएंगे। हम पहली नौकरी पक्की योजना लागू करने जा रहे हैं। एक साल की नौकरी मिलेगी, 8,500 रुपए हर महीने बैंक अकाउंट में जाएंगे, एक लाख रुपए साल के होंगे और देश के सभी स्नातकों को अच्छी गुणवत्ता की ट्रेनिंग मिलेगी।"
सुरेंद्रनगर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "10 साल पहले पूरी दुनिया, भारत को बोझ समझती थी। पड़ोसी आए दिन बम धमाके करते थे, निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतारते थे। बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत आने का नाम तक नहीं लेती थी। आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है और ये सब आपके एक वोट के कारण संभव हुआ है।"
सुरेंद्रनगर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज भारत आने के लिए बड़ी-बड़ी कंपनियां में होड़ मची है। भारत आज आत्मनिर्भर बन रहा है। आज आतंकवादियों को भेजने वालों को पता है कि भारत अब घर में घुसकर मारता है।"
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, "मैं 1975 में 14-15 साल का था, जब जयप्रकाश नारायण के कहने पर आंदोलन में कूद गया था। मैंने उस समय के लालू प्रसाद को देखा है, जिसने परिवारवाद, भाई-भतीजावाद, रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। आज वही लालू यादव आकंठ भ्रष्टाचार में डूब गए हैं और उन कांग्रेसियों के साथ खड़े हो गए हैं, जिनके खिलाफ आपातकाल में आवाज उठाई थी।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "लोकसभा चुनाव को लेकर पूरे देश में जो माहौल है उस माहौल को ध्यान में रखते हुए मैनपुरी भी इस बार परिवर्तन की राह पर चल रहा है। सपा और कांग्रेस का ये गठबंधन भारत को एक बार फिर से गुलामी की ओर धकेलने की साजिश का हिस्सा है। इनके द्वारा कैसे भी हो देश के अंदर SC,ST और OBC के आरक्षण के अधिकार पर सेंध लगाकर अल्पसंख्यकों को बांटने की साजिश हो रही है। INDI गठबंधन को वोट देने का मतलब भारत की आस्था के साथ खिलवाड़ और कोई भी सच्चा भारतीय जो अपनी आस्था को सम्मान करते हैं वे कांग्रेस गठबंधन की इस साजिश को कतई सफल नहीं होने देगा।"
बारामूला लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल करने के बाद जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, "आज 20 साल बाद मैंने लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन भरा है। इससे पता चलता है कि जम्मू-कश्मीर में जम्हूरियत का क्या हाल है। नेशनल कॉन्फ्रेंस और INDIA गठबंधन मिलकर यह चुनाव लड़ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि जम्मू-कश्मीर की 5 सीटें और लद्दाख की सीट पर हम कामयाबी हासिल करेंगे।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जितने साल हमारे देश में कांग्रेस सरकार रही, बड़ा हउआ था पाकिस्तान का। पाकिस्तान के आतंक का टायर पंचर हो गया है। जो देश कभी आतंकी एक्सपोर्ट करता था वो आटे के इम्पोर्ट के लिए दर दर भटक रहा है। जिसके हाथ में कभी बम गोला था उसके हाथ में आज भीख का कटोरा है। कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी। लेकिन, मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है।"
सारण लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी ने सारण में नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले रोड शो किया। RJD ने इस सीट से रोहिणी आचार्य को मैदान में उतारा है। सारण में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है।
पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार करने के लिए गुरुवार को गुजरात के आणंद जिले के शास्त्री मैदान में पहुंचे। इस दौरान यहां उन्होंने सार्वजनिक बैठक को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री और पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मनसुख मंडाविया ने कहा, "जनता में उत्साह है और जनता का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी में हैं। यह मुकाबला एकतरफा है और भाजपा 5 लाख से अधिक मतों से जीतेगी। कांग्रेस पार्टी और विपक्ष में निराशा है।"
केंद्रीय मंत्री और संबलपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने अपना नामांकन दाखिल करने से पहले मां समलेश्वरी मंदिर में पूजा की।
बारामूला लोकसभा सीट से आज अपना नामांकन दाखिल करने पर जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम भारी अंतर से जीतेंगे।" जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस देने के गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम चुनाव से पहले राज्य का दर्जा वापस पाना चाहते थे। गृह मंत्री को एक समयसीमा बतानी चाहिए। 30 सितंबर सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन है। उन्हें बताना चाहिए कि सुप्रीम कोर्ट की समय सीमा के बाद कितने दिनों में राज्य का दर्जा बहाल होगा।"
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "जनता सच्चाई के साथ होती है, कांग्रेस के जो मुद्दे हैं वे जनता के मुद्दे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, गरीब अमीर के बीच की खाई का मुद्दा कांग्रेस का भी है और जनता का भी है। जब प्रधानमंत्री से कांग्रेस के घोषणा पत्र की आलोचना होने लगी तो ज्यादा से ज्यादा लोग घोषणा पत्र को डाउनलोड करने लगे। उससे घोषणा पत्र और लोकप्रिय हो गया।"
AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "कब तक आप नरेंद्र मोदी और RSS को मौका देंगे कि मंदिर और मस्जिद के नाम पर नफरतों की दीवार खड़ी कर दी जाए। कब तक आप नरेंद्र मोदी और BJP को इस बात की इजाज़त देंगे कि दोनों समुदायों को लड़ा कर अपनी रोटी सेंको। मोदी बोलते हैं इस देश में वोट बैंक है। इस देश में कभी मुस्लिम वोट बैंक नहीं था, न रहेगा। इस देश में एक ही बैंक है जिससे नरेंद्र मोदी ने अपने दोस्तों को 6000 करोड़ का लोन दिलाया।"
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अहमदाबाद के एक स्कूल में व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी (एसवीईईपी) अभियान के तहत मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता के समर्थन में एक रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "40 साल से हैदराबाद को प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। रजाकारों के प्रतिनिधि वहां (संसद) जाकर बैठे हैं। इस बार मौका मिला है माधवी लता को प्रचंड बहुमत से जीता कर भेजें और हैदराबाद को रजाकारों से मुक्ति दिलाने का काम करें।''
संपादक की पसंद