1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पेट्रोलियम मंत्रालय ने शेयर की वीर सावरकर की तस्वीर, कांग्रेस बोली- सस्ता तेल चाहिए, सस्ती कॉमेडी नहीं

पेट्रोलियम मंत्रालय ने शेयर की वीर सावरकर की तस्वीर, कांग्रेस बोली- सस्ता तेल चाहिए, सस्ती कॉमेडी नहीं

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Aug 15, 2025 03:23 pm IST,  Updated : Aug 15, 2025 03:23 pm IST

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने आज वीर सावरकर की तस्वीर को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया। इसे लेकर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल भड़क गए।

Petroleum Ministry shared Veer Savarkar picture Congress said We want cheap oil not cheap comedy- India TV Hindi
केसी वेणुगोपाल Image Source : PTI

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस पर बधाई देते हुए हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर पोस्ट की, जिस पर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि जो इतिहास में बड़े नहीं बन सके, उनको पोस्टर में शामिल किया जा रहा है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि देश मंत्रालय से सस्ता तेल मांग रहा है, सस्ती कॉमेडी नहीं। मंत्रालय ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और सावरकर की तस्वीर पोस्ट की और लिखा, ‘‘देश की आज़ादी का जश्न मनाते हुए, आइए याद रखें कि स्वतंत्रता तभी फलती-फूलती है जब हम इसे हर दिन एकता, करुणा और कर्म के माध्यम से पोषित करते हैं।’’ 

कांग्रेस नेता ने किया कटाक्ष

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हर स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने और देशद्रोहियों को नायक बनाने में जुटी रहती है। सावरकर जैसे अंग्रेजों से दया याचना करने वाले को गांधी जी से ऊपर रखती है और पंडित नेहरू और सरदार पटेल जी को पूरी तरह से नकारती है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति उनकी अवमानना को दर्शाता है।’’ दरअसल पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक्स पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'अपने देश की आजादी का जश्न मनाते हुए, आइए याद रखें, आज़ादी तभी फलती-फूलती है जब हम हर दिन एकता, सहानुभूति और कर्म के ज़रिए उसे पोषित करते हैं।

स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहा भारत

इसी मामले पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर टिप्पणी की है। बता दें कि आज पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा है। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले पर झंडा फहराया और देश को संबोधित किया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कई योजनाओं को भी लॉन्च किया। बता दें कि इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नाम संबोधन जारी किया था। 

(इनपुट-भाषा के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत