1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. PM मोदी का दिख रहा वैश्विक प्रभाव, सेशेल्स के सर्वोच्च सम्मान 'Guardian of the Blue Horizon' से किए गए सम्मानित

PM मोदी का दिख रहा वैश्विक प्रभाव, सेशेल्स के सर्वोच्च सम्मान 'Guardian of the Blue Horizon' से किए गए सम्मानित

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 28, 2026 09:03 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 11:48 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया है। पीएम मोदी को मिलने वाला यह 34वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

पीएम मोदी को मिला सेशेल्स का सर्वोच्च सम्मान।- India TV Hindi
पीएम मोदी को मिला सेशेल्स का सर्वोच्च सम्मान। Image Source : X/NARENDRAMODI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में नेतृत्व के लिए सेशेल्स के सर्वोच्च सम्मान 'गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन' से सम्मानित किया गया है। यह किसी देश से उन्हें मिलने वाला 34वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। सेशेल्स की ओर से दिया जाने वाला यह अपनी तरह का पहला सम्मान है। पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए सेशेल्स का धन्यवाद किया और इसे उन देशों को समर्पित किया जो जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से लड़ रहे हैं। 

प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी जानकारी

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा, "हमारे स्नेहपूर्ण स्वागत और आतिथ्य-सत्कार के लिए मैं राष्ट्रपति एर्मिनी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। उनके द्वारा “Guardian of the Blue Horizon” से सम्मानित किया जाना मेरे लिए और 140 करोड़ भारतवासियों के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। मैं इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए, उन सभी देशों को समर्पित करता हूं, जो climate change की चुनौती से लड़ रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को भावी पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व मानते हैं।"

पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण का किया नेतृत्व

विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''यह सम्मान प्रधानमंत्री के नेतृत्व तथा पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, जलवायु संरक्षण, ब्लू इकोनॉमी और लघु द्वीपीय विकासशील देशों की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को मान्यता देता है।'' विदेश मंत्रालय ने कहा कि 'मिशन लाइफ', 'एक पेड़ मां के नाम', अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन और 'इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस' प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इसी दिशा में शुरू की गई प्रमुख पहल हैं। इस मौके पर सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी ने कहा, ''यह सम्मान उन नेताओं और साझेदारों के प्रति हमारे राष्ट्र के गहरे सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है, जिनके नेतृत्व और सहयोग ने हमारे 'ब्लू होराइजन' के संरक्षक की भावना को साकार किया है।'' 

पीएम मोदी ने व्यक्त किया आभार

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "मैं सेशेल्स की जनता और सरकार के साथ-साथ राष्ट्रपति हर्मिनी का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझे 'Guardian of the Blue Horizon' की उपाधि से सम्मानित किया है।" उन्होंने आगे लिखा, "यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण चुनौती है जिसे हमें मिलकर पार करना होगा। सूर्य, अपने तरीके से, दुनिया को अधिक हरित और टिकाऊ बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने को तैयार है। यह हमारी विभिन्न घरेलू नीतियों, लाइफ मिशन (एक टिकाऊ भविष्य की परिकल्पना) के आदर्श वाक्य और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन आदि जैसे वैश्विक प्रयासों में परिलक्षित होता है।"

क्लीन एनर्जी को लेकर पीएम मोदी का स्पष्ट विजन

बता दें कि आज, भारत रिन्यूएबल एनर्जी का दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक है और पिछले दशक में इसकी सोलर पावर क्षमता 53 गुना से ज्यादा बढ़ गई है। क्लीन एनर्जी की ओर बढ़ने के साथ-साथ, भारत ने 'इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस' जैसी पहलों के जरिए बायोडायवर्सिटी के संरक्षण को भी बढ़ावा दिया है, जिससे जंगलों, वन्यजीवों और इकोलॉजिकल बैलेंस की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। सेशेल्स द्वारा 'गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन' सम्मान दिया जाना, विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के केंद्र में पर्यावरण की स्थिरता को रखने के लिए पीएम मोदी की लगातार कोशिशों की एक और पहचान है। ऐसे समय में जब दुनिया क्लाइमेट चेंज और इकोलॉजिकल नुकसान जैसी बढ़ती चुनौतियों का सामना कर रही है, यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा उनके उस विजन को मान्यता देता है जिसके अनुसार एक टिकाऊ भविष्य के लिए आर्थिक प्रगति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का साथ-साथ आगे बढ़ना जरूरी है।

यह भी पढ़ें-

'सेशेल्स और भारत दोनों एक ऐसी दुनिया चाहते हैं, जहां विकास अधिक समावेशी हो', विक्टोरिया की संसद में बोले पीएम मोदी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत