Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पीएम मोदी ने वाराणसी में किया स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन, कहा-'गुलामी की सोच से आजाद हो रहा भारत'

पीएम मोदी ने वाराणसी में किया स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन, कहा-'गुलामी की सोच से आजाद हो रहा भारत'

Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : Dec 18, 2023 11:47 am IST, Updated : Dec 18, 2023 01:09 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के उमराहा में नवनिर्मित स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
Image Source : @BJP4INDIA प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के उमराहा में नवनिर्मित स्वर्वेद महामंदिर का उद्घाटन किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। स्वर्वेद महामंदिर के उद्घाटन के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमेशा की तरह, काशी में बिताया हर पल अपने आप में अद्भुत है। पीएम मोदी ने कहा कि आज स्वर्वेद मंदिर बनकर तैयार होना, इसी ईश्वरीय प्रेरणा का उदाहरण है। ये महामंदिर महृषि सदाफल देव जी की शिक्षाओं और उनके उपदेशों का प्रतीक है। इस मंदिर की दिव्यता जितना आकर्षित करती है, इसकी भव्यता हमे उतना ही अचंभित भी करती है।

महायज्ञ से विकसित भारत का संकल्प और सशक्त होगा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस पावन अवसर पर यहां 25 हज़ार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन हो रहा है। मुझे खुशी और विश्वास है कि इस महायज्ञ की हर एक आहूति से विकसित भारत का संकल्प और सशक्त होगा। 

 

 स्वर्वेद मंदिर आध्यात्मिक सामर्थ्य का आधुनिक प्रतीक

  पीएम मोदी ने कहा कि संतों के मार्गदर्शन में काशी के लोगों ने विकास और नव निर्माण के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वर्वेद मंदिर भारत के सामाजिक और आध्यात्मिक सामर्थ्य का एक आधुनिक प्रतीक है। इसकी दीवारों पर स्वर्वेद को बड़ी सुंदरता के साथ अंकित किया गया है। वेद, उपनिषद, रामायण, गीता और महाभारत आदि ग्रन्थों के दिव्य संदेश भी इसमें चित्रों के जरिये उकेरे गए हैं। इसलिए ये मंदिर एक तरह से अध्यात्म, इतिहास और संस्कृति का जीवंत उदाहरण है। 

हमने प्रगति के प्रतिमान गढ़े हैं- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने कभी भौतिक उन्नति को भौगोलिक विस्तार और शोषण का माध्यम नहीं बनने दिया। भौतिक प्रगति के लिए भी हमने आध्यात्मिक और मानवीय प्रतीकों की रचना की। हमने काशी जैसे जीवंत सांस्कृतिक केंद्रों का आशीर्वाद लिया। भारत एक ऐसा राष्ट्र है जो सदियों तक विश्व के लिए आर्थिक समृद्धि और भौतिक विकास का उदाहरण रहा है। हमने प्रगति के प्रतिमान गढ़े हैं, समृद्धि के सौपान तय किए हैं।

गुलामी की सोच से आजाद हो रहा भारत- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के 7 दशक बाद आज समय का चक्र एक बार फिर घुमा है। देश अब लालकिले से गुलामी की मानसिकता से मुक्ति और अपनी विरासत पर गर्व की घोषणा कर रहा है। जो काम सोमनाथ से शुरू हुआ था, वो अब एक अभियान बन गया है। देश में राम सर्किट के विकास के लिए भी तेजी से काम हो रहा है और अगले कुछ सप्ताह में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भी पूरा होने जा रहा है। आज काशी में विश्वनाथ धाम की भव्यता भारत के अविनाशी वैभव की गाथा गा रही है। आज महाकाल महालोक हमारी अमरता का प्रमाण दे रहा है। आज केदारनाथ धाम भी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बुद्ध सर्किट का विकास करके भारत एक बार फिर दुनिया को बुद्ध की तपोभूमि पर आमंत्रित कर रहा है।

9 संकल्प

पीएम मोदी ने कहा कि एक बार फिर मैं आपके सामने 9 संकल्प, 9 आग्रह रख रहा हूं ।

1- पानी की बूंद-बूंद बचाइए और जल संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करिए,

2 - गांव-गांव जाकर लोगों को डिजिटल लेन देन के प्रति जागरूक करिए।

3 - अपने गांव, शहर, मोहल्ले को स्वच्छता में नंबर 1 बनाने के लिए काम करिए।

4 - जितना हो सके आप लोकल को, स्थानीय प्रोडक्ट को प्रमोट करिए, मेड इन इंडिया उत्पादों का ही प्रयोग कीजिये।

5 - जितना हो सके, पहले अपने देश को देखिए, अपने देश में घूमिए।

6 - प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करिए।

7 - मिलेट्स यानी श्री अन्न को अपने जीवन में शामिल करिए, इसका खूब प्रचार-प्रसार करिए।

8 - फिटनेस योग हो, स्पोर्ट्स हो, उसे भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाइए।

9 - कम से कम एक गरीब परिवार का संबल बनिए, उसकी मदद कीजिए। ये भारत में गरीबी दूर करने के लिए जरूरी है।

सीएम योगी ने कही ये बातें

पीएम मोदी ने कहा, भारत एक ऐसा राष्ट्र है जो सदियों तक विश्व के लिए आर्थिक समृद्धि और भौतिक विकास का उदाहरण रहा है। भारत ने कभी भौतिक उन्नति को भौगोलिक विस्तार और शोषण का माध्यम नहीं बनने दिया। भौतिक प्रगति के लिए भी हमने आध्यात्मिक और मानवीय प्रतीकों की रचना की। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में कहा कि आज हर भारतीय गौरव महसूस कर रहा है क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। 

 

 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement