1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'कांग्रेस देश को बताए कि 26/11 हमले के बाद सैन्य कार्रवाई से किसने रोका था', PM मोदी का बड़ा हमला

'कांग्रेस देश को बताए कि 26/11 हमले के बाद सैन्य कार्रवाई से किसने रोका था', PM मोदी का बड़ा हमला

 Published : Oct 08, 2025 08:29 pm IST,  Updated : Oct 08, 2025 08:44 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर बड़ा हमला किया और कहा कि कांग्रेस देश को बताए कि 26/11 हमले के बाद सैन्य कार्रवाई से किसने रोका था। आइए जानते हैं कि पीएम मोदी ने इस बारे में और क्या कुछ कहा है।

pm modi congress 26 11 mumbai attack- India TV Hindi
पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला। Image Source : X (BJP4INDIA)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र में नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण, मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन और अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सत्ता में रहते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने का आरोप लगाया है। पीएम मोदी ने इस दौरान साल 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले का जिक्र किया।

कौन था जिसने विदेशी दबाव में फैसला लिया- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "हाल ही में कांग्रेस के एक बड़े नेता, जो कांग्रेस के शासनकाल में देश के गृह मंत्री रह चुके हैं, ने एक साक्षात्कार में बड़ा खुलासा किया है कि 2008 के मुंबई हमले के बाद हमारी सेनाएं, पाकिस्तान पर हमला करने को तैयार थीं। पूरा देश भी यही चाहता था, लेकिन किसी दूसरे देश के दबाव में कांग्रेस सरकार ने देश की सेनाओं को पाकिस्तान पर हमला करने से रोक दिया। कांग्रेस को बताना होगा कि वह कौन था जिसने विदेशी दबाव में फैसला लिया और मुंबई व देश की भावना से खिलवाड़ किया।"

आज का भारत घर में घुसकर मारता है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा- "हमारे लिए देश और देशवासियों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है। आज का भारत दमदार जवाब देता है, घर में घुसकर मारता है। यह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने देखा है। मुंबई, भारत की आर्थिक राजधानी के साथ-साथ भारत के सबसे वाइब्रेंट शहरों में से एक है। इसलिए, 2008 में आतंकियों ने मुंबई शहर को बड़े हमले के लिए चुना। लेकिन तब जो कांग्रेस सरकार सत्ता में थी, उसने कमजोरी का संदेश दिया और आतंकवाद के सामने घुटने टेक दिए।"

चिदंबरम ने किया था चौंकाने वाला खुलासा

आपको बता दें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने हाल ही में खुलासा किया था कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद वह पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई के पक्षधर थे। हालांकि, विदेश मंत्रालय के विचार के अनुसार इस्लामाबाद के खिलाफ कूटनीतिक कदम उठाने का फैसला किया। उन्होंने कहा था कि अमेरिका सहित वैश्विक शक्तियां चाहती थीं कि भारत पाकिस्तान के साथ युद्ध शुरू न करे।

जानें मुंबई आतंकी हमले के बारे में

साल 2008 के नवंबर महीने में पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई शहर में कई वारदातों को अंजाम दिया था। पाकिस्तान से आए भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने मुंबई में तीन दिनों तक आतंक मचाया था। इस आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। मृतकों में अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे।

ये भी पढ़ें- गोवा में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी आम आदमी पार्टी, साफ किया इनकार, लगाए गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने कोलंबिया में ऐसा क्या कहा कि भड़क गई BJP, कहा- 'विदेश में भारत की बदनामी...'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत