1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दिलजीत दोसांझ आज दिल्ली में मचाएंगे धूम, कॉन्सर्ट के लिए आधी रात तक चलेगी मेट्रो, सिंगर ने दिया अपडेट

दिलजीत दोसांझ आज दिल्ली में मचाएंगे धूम, कॉन्सर्ट के लिए आधी रात तक चलेगी मेट्रो, सिंगर ने दिया अपडेट

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 30, 2026 10:24 am IST,  Updated : Oct 30, 2026 10:24 am IST

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का आज, 30 अक्टूबर को दिल्ली में कॉन्सर्ट है, जिसमें हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठी होने की उम्मीद है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने इस कॉन्सर्ट को देखते हुए बड़ी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

diljit dosanjh- India TV Hindi
दिलजीत दोसांझ Image Source : INSTAGRAM/@DILJITDOSANJH

'लवर', 'इक कुड़ी', 'नैना' जैसे गानों से फैंस के दिलों पर छा जाने वाले पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर दिल्ली में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। आज, 30 अक्टूबर  जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होने वाला और सिंगर के फैंस में उनके कॉन्सर्ट को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इस म्यूजिक इवेंट के चलते दिल्ली में ट्रैफिक के प्रभावित होने की भी खासी संभावना है, जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। तो अगर आप भी दिलजीत दोसांझ के इस म्यूजिक इवेंट में शामिल होने जा रहे हैं तो कुछ जरूरी बातें जरूर जान लीजिए। सिंगर ने भी इस कॉन्सर्ट को लेकर जारी की गई एडवाइजरी पर अपडेट शेयर किया है।

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिलजीत दोसांझ 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम होने जा रहे कॉन्सर्ट 'रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर दिल्ली पुलिस पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है और साफ किया है कि वेन्यू पर पार्किंग की सुविधा नहीं होगी। इसी के साथ ये भी साफ किया गया है कि ये कॉन्सर्ट रात 10 बजे तक ही चलेगा। ट्रैफिक की हालत देखते हुए सिंगर ने अपने फैंस को मेट्रो से आने की सलाह दी है, जो रात 12 बजे तक खुली रहने वाली है।

इन मार्गों से सफर से बचने की सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को देखते हुए प्रमुख मार्गों और उसके आस-पास के इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है, क्योंकि इन मार्गों पर भारी ट्रैफिक की संभावना है। इनमें भीष्म पितामह मार्ग, लाल लाजपत राय मार्ग, चौथी और पांचवी एवेन्यू रोड, लोधी रोड, सीजीओ कॉम्प्लेक्स और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़क और आर्कबिशप मकारियोस मार्ग शामिल हैं। यातायात को सुचारु रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है।

नहीं होगी पार्किंग की सुविधा

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि स्टेडियम के आस-पास जनता के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होगी। ऐसे में खुद सिंगर ने अपने फैंस से अपील की है कि वे निजी वाहनों की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। दिलजीत दोसांझ ने अपने फैंस से मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने एक पोस्ट में बताया कि कॉन्सर्ट के चलते कुछ मार्ग प्रतिबंधित हो सकते हैं, जबकि दिल्ली मेट्रो की सेवाएं रात 12 बजे तक जारी रहेंगी। ऐसे में लोगों के लिए मेट्रो ज्यादा सुगम साधन हो सकता है। इसी के साथ दिलजीत ने ये भी बताया है कि उनकी टीम को रात 10 बजे तक ही कार्यक्रम की परमिशन मिली है।

दिलजीत दोसांझ का टूर

दिलजीत दोसांझ का 'रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026' 30 अक्टूबर को दिल्ली से शुरू हो रहा है। दिल्ली के बाद वह देश के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म करने वाले हैं। उनके शेड्यूल की बात करें तो दिल्ली के बाद वह 15 नवंबर को इंदौर में, 21 को अहमदाबाद में, 27 को मुंबई और 29 को बेंगलुरू में परफॉर्म करने वाले हैं। वहीं 5 दिसंबर को लखनऊ में दिलजीत का शो होगा।

30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा कॉन्सर्ट

दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट पर पहले खतरे के बादल मंडरा रहे थे, लेकिन बाद में दिल्ली पुलिस ने सिंगर के ‘ऑरा इंडिया टूर’ के दिल्ली कॉन्सर्ट को मंजूरी दे दी। सुरक्षा कारणों से पहले दिल्ली में कॉन्सर्ट को लेकर असमंजस का दौर जारी था। जिसके बाद पुलिस और आयोजकों के बीच कई बैठकें हुईं और बाद में कार्यक्रम को हरी झंडी मिल सकी।

ये भी पढ़ेंः नहीं रहे 'X-Men' के 'प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर' पैट्रिक स्टिवर्ट, अल्जाइमर से जूझने के बाद 86 की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में शोक

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।