1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बोनी कपूर को हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए मिले थे पैसे! बच्चों जाह्नवी-अर्जुन ने खोली पोल, सुनकर छूटी वरुण धवन की हंसी

बोनी कपूर को हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए मिले थे पैसे! बच्चों जाह्नवी-अर्जुन ने खोली पोल, सुनकर छूटी वरुण धवन की हंसी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 30, 2026 08:09 am IST,  Updated : Oct 30, 2026 08:09 am IST

'कॉफी विद करण' सीजन 9 के रैपिड-फायर राउंड के दौरान जाह्नवी कपूर और अर्जुन कपूर ने पिता बोनी कपूर को लेकर एक ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर करण जौहर और वरुण धवन हैरान रह गए और फिर दोनों की हंसी छूट गई।

boney kapoor- India TV Hindi
बोनी कपूर। Image Source : INSTAGRAM/@BONEY.KAPOOR

प्रोड्यूसर से अभिनेता बने बोनी कपूर ने 2024 में हेयर ट्रांसप्लांट करवाया था, जिसके बाद उनके बदले लुक की काफी चर्चा रही। अपने बदले लुक से बोनी कपूर ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। बोनी कपूर के इस बदले लुक पर अब उनके बच्चों, जाह्नवी कपूर और अर्जुन कपूर ने करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में खुलकर बात की और कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए। बोनी कपूर के हेयर ट्रांसप्लांट के बारे में बात करते हुए जाह्नवी कपूर ने खुलासा किया कि प्रोड्यूसर को एक ब्रांड एसोसिएशन के तहत यह हेयर ट्रांसप्लांट करवाने का ऑफर मिला था और इसके लिए उन्हें कोई पैसे नहीं देने पड़े, बल्कि इसके लिए उन्हें पैसे दिए गए थे।

बोनी कपूर को हेयर ट्रांसप्लांट के लिए मिले पैसे

जाह्नवी कपूर ने हाल ही में करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में वरुण धवन के साथ शिरकत की। शो में उनके भाई और एक्टर अर्जुन कपूर ने भी उन्हें काउच पर ज्वॉइन किया। शो के रैपिड-फायर राउंड में करण जौहर ने जाह्नवी से बोनी कपूर को लेकर बात की और उनके बारे में एक अफवाह फैलाने को कहा। बातचीत में एक्ट्रेस ने बोनी के हेयर ट्रांसप्लांट और एक ब्रांड डील का जिक्र छेड़ दिया। उन्होंने कहा, 'उनके बारे में ये अफवाह है कि उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट नहीं कराया, बल्कि ध्यान करके बाल उगा लिए।' इस पर अर्जुन तुरंत चुटकी लेते हुए कहते हैं, 'लेकिन, तुम अगर बाहर घूमकर देखो, तो तुम्हें इस पर यकीन ही नहीं होगा।' इस पर जाह्नवी पूछती हैं, 'क्या आपने पापा के बैनर देखे हैं?' अर्जुन जवाब में कहते हैं, 'इसे ही तो मार्केटिंग कहते हैं।'

हंस-हंसकर लोट-पोट हुए करण

इस पर करण कहते हैं- 'अरे हां, मैं तो बोनी जी के मेकओवर के बारे में बात करना ही भूल गया।' फिर जाह्नवी कहती हैं, 'क्या आपको पता है कि उन्हें हेयर ट्रांसप्लांट के लिए पैसे दिए गए थे?' जाह्नवी की ये बात सुनकर करण जौहर हैरान रह गए और पूछा कि क्या सच में उन्हें हेयर ट्रांसप्लांट के लिए पैसे मिले थे। जवाब में जाह्नवी और अर्जुन कपूर दोनों हामी भरते हैं। जाह्नवी आगे कहती हैं- 'उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट के लिए कोई पैसे नहीं दिए थे, बल्कि उन्हें इसके लिए पैसे मिले हैं।' जाह्नवी आगे इस ओर इशारा करती हैं कि अभी आने वाले समय में और भी प्रमोशनल कंटेंट देखने को मिल सकता है। वह कहती हैं- 'अभी और भी आने वाले हैं, मुझे उनके पांच और बैनर के लिए अप्रूवल मिल गया है, जिसमें वह बिना बालों के शीशे में खुद को देखकर उदास और बालों के साथ खुश नजर आ रहे हैं।' ये सुनते ही वरुण धवन और करण जौहर लोट-पोट हो गए।

कब शादी करेंगी जाह्नवी कपूर

शो में जाह्नवी कपूर ने शादी को लेकर भी बात की। जब करण जौहर ने उनसे पूछा कि वह कब शादी कर रही हैं तो जाह्नवी ने बिना जवाब दिया कि अगले दो से तीन साल तक शादी की कोई संभावना नहीं है। अभिनेत्री ने कहा, 'अगले 2-3 साल तक तो बिलकुल नहीं।'  जाह्नवी के इस जवाब से साफ है कि वह अपनी जिंदगी के बड़े फैसले को लेकर फिलहाल किसी जल्दबाजी में नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद उनके चाहने वालों के बीच अभिनेत्री की निजी जिंदगी को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है।

ये भी पढ़ेंः माधुरी दीक्षित संग थिरकीं शरवरी वाघ, 'ये प्रेम मोल लिया' के गाने पर दिखाई अदाएं, धक-धक गर्ल के मूव्ज देख जोड़ लिए हाथ

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।