1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नहीं रहे 'X-Men' के 'प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर' पैट्रिक स्टिवर्ट, अल्जाइमर से जूझने के बाद 86 की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में शोक

नहीं रहे 'X-Men' के 'प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर' पैट्रिक स्टिवर्ट, अल्जाइमर से जूझने के बाद 86 की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में शोक

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 30, 2026 08:49 am IST,  Updated : Oct 30, 2026 08:49 am IST

'एक्स-मेन' फिल्म सीरीज में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर का किरदार निभाने वाले मशहूर दिग्गज एक्टर पैट्रिक स्टिवर्ट अब इस दुनिया में नहीं रहे। 86 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। अल्जाइमर रोग और लेवी बॉडी डिमेंशिया से कुछ समय तक जूझने के बाद इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

Patrick Stewart- India TV Hindi
पैट्रिक स्टिवर्ट का निधन। Image Source : INSTAGRAM/@THEHUGHJACKMAN

हॉलीवुड अभिनेता पैट्रिक स्टिवर्ट, जो 'स्टार ट्रेक' और 'एक्स-मेन' फ्रेंचाइजी में अपने अभिनय के लिए मशहूर हैं और घर-घर में पहचाने जाते हैं, अब इस दुनिया में नहीं रहे। पैट्रिक स्टिवर्ट का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। दिग्गज अभिनेता अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया जैसी बीमारी से जूझ रहे थे। इन गंभीर बीमारियों से जूझते हुए उन्होंने लॉस एंजिल्स स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर स्टिवर्ट के आधिकारिक X अकाउंट के जरिए साझा की गई। जैसे ही ये पोस्ट साझा किया गया, उनके फैंस और इंडस्ट्री के कलाकार स्तब्ध रह गए और इ अभिनेता को याद करते हुए मनोरंजन उद्योग में उनके योगदान को याद किया।

पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 साल की उम्र में निधन

पैट्रिक स्टिवर्ट के X अकाउंट पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए उनके परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। इसमें लिखा है, 'हमें बहुत दुख के साथ यह बताना पड़ रहा है कि कल लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर सर पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन हो गया। अल्जाइमर रोग और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझने के बाद, वे अपनी पत्नी सनी की देखरेख में थे।' बता दें कि पैट्रिक स्टिवर्ट के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे, डैनियल और सोफी हैं।

पैट्रिक स्टिवर्ट के निधन से इंडस्ट्री में शोक

'एक्स-मेन' स्टार पैट्रिक स्टीवर्ट, अपने फैंस के बीच 'प्रोफेसर एक्स' के नाम से भी मशहूर हैं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद मशहूर हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी। सुपरहीरो फ्रेंचाइजी 'एक्स-मैन' में 'वुलवरीन' का किरदार निभाने वाले ह्यू जैकमैन ने स्टिवर्ट को दिल से श्रद्धांजलि दी। जैकमैन ने दिवंगत अभिनेता को एक 'बेहतरीन दोस्त और इंसान' बताया। पैट्रिक के साथ पर्दे के पीछे की तस्वीरें साझा करते हुए, ह्यू जैकमैन ने लिखा, 'आज हमने स्टेज और स्क्रीन के एक महान कलाकार को खो दिया है। मेरी नजर में, वे एक बेहतरीन दोस्त और इंसान थे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। पैट्रिक स्टिवर्ट, मैं आपको हमेशा याद रखूंगा।'

मार्वल स्टूडियोज ने दी श्रद्धांजलि

मार्वल स्टूडियोज ने भी पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक आधिकारिक बयान में स्टूडियो ने इस दिग्गज अभिनेता के गुजर जाने पर दुख जताया है। बयान में कहा गया है, 'मार्वल स्टूडियोज की पूरी टीम सर पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन से बेहद दुखी है। सर पैट्रिक ने प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर के किरदार में अद्भुत शालीनता, बुद्धिमत्ता और मानवीय संवेदनाएं भर दीं। 'एक्स-मेन' से लेकर 'लोगन' और 'एवेंजर्स: डूम्सडे' तक, उन्होंने कई पीढ़ियों के प्रशंसकों के लिए इस किरदार को एक नई पहचान दी। वे एक अद्वितीय प्रतिभा के धनी, बेहतरीन सहयोगी और एक सच्चे सज्जन व्यक्ति थे। हमारी संवेदनाएं उनकी पत्नी सनी, उनके बच्चों, दोस्तों और दुनिया भर के उन अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं, जिनके जीवन को उन्होंने अपनी कला के जरिए प्रभावित किया।"

थिएटर से हॉलीवुड तक पैट्रिक स्टीवर्ट का सफर

स्टीवर्ट का करियर सिर्फ उनके मशहूर हॉलीवुड किरदारों तक ही सीमित नहीं रहा। 13 जुलाई 1940 को इंग्लैंड के मिरफील्ड में जन्मे स्टीवर्ट ने अपने सफर की शुरुआत एक थिएटर आर्टिस्ट के तौर पर की और वे प्रतिष्ठित 'रॉयल ​​शेक्सपियर कंपनी' से जुड़े। उनके करियर ने तब एक अंतरराष्ट्रीय मोड़ लिया, जब उन्हें 'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन' में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड का किरदार निभाने का मौका मिला। इस भूमिका ने उन्हें साइंस फिक्शन टेलीविजन के सबसे पहचाने जाने वाले चेहरों में से एक बना दिया।

नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किए गए थे पैट्रिक

बाद में, 'एक्स-मेन' (X-Men) फिल्मों में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर - जिन्हें प्रोफेसर एक्स के नाम से भी जाना जाता है - के किरदार के लिए उन्हें काफी पहचान मिली। ड्रामा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए, 2010 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने उन्हें 'नाइटहुड' की उपाधि से सम्मानित किया। पैट्रिक स्टीवर्ट आखिरी बार मार्वल की आने वाली फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' में नजर आएंगे। यह फिल्म भारत के सिनेमाघरों में 17 दिसंबर को रिलीज होगी, जबकि अमेरिका में ये एक दिन पहले रिलीज होगी। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ये इस फिल्म से शाहरुख खान की 'किंग' की टक्कर होने वाली है। शाहरुख पहले ही ये ऐलान कर चुके हैं कि उनकी फिल्म तय डेट पर ही रिलीज होगी, जो कि 24 दिसंबर है। यानी ये 'एवेंजर्सः डूम्सडे' की रिलीज के पांच दिन बाद सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

ये भी पढ़ेंः बोनी कपूर को हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए मिले थे पैसे! बच्चों जाह्नवी-अर्जुन ने खोली पोल, सुनकर छूटी वरुण धवन की हंसी

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।