1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. President Election: राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के लिए ज़बरदस्त क्रॉस वोटिंग, जानें कहां-कहां पड़े पार्टी लाइन से हटकर वोट

President Election: राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के लिए ज़बरदस्त क्रॉस वोटिंग, जानें कहां-कहां पड़े पार्टी लाइन से हटकर वोट

 Written By: Shailendra Tiwari
 Published : Jul 18, 2022 10:55 pm IST,  Updated : Jul 19, 2022 06:42 am IST

President Election: मतदान के बीच कई राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबर आ रही है। ख़बरों के अनुसार कई राज्यों में विपक्षी दलों के विधायकों ने NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है।

President Election 2022- India TV Hindi
President Election 2022 Image Source : INDIA TV FILE

Highlights

  • 21 जुलाई को घोषित होगा परिणाम
  • कई राज्यों में हुई क्रॉस वोटिंग
  • विपक्ष ने दिया द्रौपदी मुर्मू को वोट

President Election: देश के अगले राष्ट्रपति के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। सांसद दिल्ली स्थित संसद भवन में और विधायक अपने राज्यों की विधानसभा में मतदान कर रहे हैं। मतदान आज यानी सोमवार को हो रहा है और 21 जुलाई को परिणाम घोषित होगा। NDA की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू प्रत्याशी हैं वहीं विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं।

इन राज्यों में हुई क्रॉस वोटिंग

ओडिशा:

मतदान के बीच कई राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबर आ रही है। ख़बरों के अनुसार कई राज्यों में विपक्षी दलों के विधायकों ने NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है। ओडिशा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने कहा कि, "मैं कांग्रेस का विधायक हूं लेकिन मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा निजी फैसला है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे धरती के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया।"

असम:
इसके साथ ही असम से AIDUF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि असम में कांग्रेस के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करिमुद्दीन के अनुसार, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिलाध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा। 

गुजरात:
वहीं इससे पहले गुजरात के कुटियाना विधानसभा से NCP विधायक कांधल एस जडेजा ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में वोट करने की बात कही है। विधानसभा में मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने NDA के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। 

हिमाचल प्रदेश:
हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी दल कांग्रेस दोनों ने सोमवार को दावा किया कि राष्ट्रपति चुनाव में उनके उम्मीदवारों के पक्ष में क्रॉस वोटिंग हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया से कहा कि क्रॉस वोटिंग की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। राष्ट्रपति चुनाव में गुप्त मतदान के माध्यम से मतदान होता है। ठाकुर ने कहा कि अगर कांग्रेस विधायकों ने अपने विवेक के अनुसार वोट डाला होगा, तो उनमें से कुछ ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया होगा जो बहुत ही साधारण पृष्ठभूमि से आती हैं। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर ने कहा कि चूंकि संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा भाजपा के पूर्व नेता हैं, इसलिए उनके पक्ष में क्रॉस वोटिंग की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ विधायकों ने सिन्हा के पक्ष में वोट डाला होगा। इस बीच, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के रूप में एक आदिवासी महिला का स्वागत किया लेकिन कांग्रेस विधायकों ने यशवंत सिन्हा के समर्थन में मतदान किया। 
झारखंड:
झारखंड में राकांपा विधायक कमलेश सिंह ने पार्टी के रुख के विपरीत मुर्मू को वोट दिया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक कमलेश सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया। जबकि उनकी पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करने की घोषणा कर रखी थी।

यूपी:
यूपी के बरेली से समाजवादी पार्टी (एसपी) के विधायक के क्रॉस वोटिंग की खबरें हैं। दावा किया जा रहा कि भोजीपुरा विधायक शहजील इस्लाम के एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत