1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. AAP's Raghav Chadha Joins BJP Live: राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल, देखें हर अपडेट
  Live Now

AAP's Raghav Chadha Joins BJP Live: राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल, देखें हर अपडेट

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Updated : Apr 24, 2026 07:14 pm IST

आम आदमी पार्टी के सात सांसदों ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है। इसमें सभी बड़े नाम शामिल हैं। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए हैं। आप नेताओं के पार्टी छोड़ने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आइये जानते हैं राजनीतिक गलियारे में क्या चल रहा है।

राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल।- India TV Hindi
राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल। Image Source : ANI

AAP's Raghav Chadha Joins BJP Live: आम आदमी पार्टी में इस वक्त बड़ा भूचाल देखने को मिल रहा है। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आम आदमी पार्टी से बगावत का ऐलान करते हुए पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने चार अन्य सांसदों के नाम भी बताए जिन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। इस तरह से आम आदमी पार्टी के सात सांसदों ने एक साथ पार्टी छोड़ दी है। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए हैं। जिन सांसदों में आम आदमी पार्टी छोड़ी है, उनमें सभी पार्टी के बड़े नाम शामिल थे। 

संजय सिंह ने साधा निशाना

वहीं राघव चड्ढा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद AAP सांसद संजय सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "भाजपा का ऑपरेशन लोटस और राजनीति का खेल जिसमें भगवंत मान के कार्य रोकने का काम बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है। पंजाब की सरकार वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है। पंजाब के किसी भी व्यक्ति को कोई रोग हो तो 10 लाख रुपए तक का इलाज कराने का काम किया जाता है। ऐसी सरकार को भाजपा ने रोकने और तोड़ने का काम किया है।"

संजय सिंह ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कहना चाहता हूं कि आपने भगवंत मान के कार्यों को रोकने का जो काम किया है, उसके लिए आपको पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी। आज पंजाब जैसी अच्छी सरकार के साथ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है। प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करके ऑपरेशन लोटस का तंत्र चलाया जा रहा है।"

भगवंत मान ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

राज्यसभा में AAP के 2/3 सांसदों के भाजपा में शामिल होने की घोषणा पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, "भाजपा ने पंजाब को धोखा दिया है। शरद पवार, शिवसेना (UBT), कांग्रेस की पार्टी के लिए भी यही वॉशिंग मशीन इस्तेमाल होती थी। भाजपा का पंजाब में कोई बेस नहीं है।"  भगवंत मान ने कहा, "जो सात सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं, वे पंजाब को रिप्रेजेंट नहीं करते, वे देशद्रोही हैं। उन्हें भाजपा में भी कुछ नहीं मिलेगा।"

Live updates :AAP's Raghav Chadha Joins BJP:

Auto Refresh
Refresh
  • 7:14 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    BJP मुख्यालय से रवाना हुआ AAP के बागी सांसद

    राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल होने के बाद मुख्यालय से रवाना हुए।

  • 7:11 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बागी सांसदों की राज्यसभा सदस्यता के खिलाफ अपील करेंगे संजय सिंह

    राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं माननीय राज्यसभा सभापति को एक पत्र प्रस्तुत करूंगा, जिसमें राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के कारण राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी, क्योंकि यह संविधान की दसवीं अनुसूची के अंतर्गत स्वेच्छा से अपनी पार्टी की सदस्यता त्यागने के समान है।"

  • 6:47 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    BJP की टीम का हिस्सा बनकर काम कर रही AAP: अभिषेक दत्त

    AAP के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कहा, "राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और कई दूसरे नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं, उन्हें यकीन है कि पंजाब में असली लड़ाई AAP से नहीं बल्कि कांग्रेस से है। कांग्रेस पंजाब में सरकार बनाएगी और सबसे बड़ा सवाल यह है कि उन्हें कैसे रोका जाए। इसलिए आज AAP नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। साफ शब्दों में कहें तो AAP अब भाजपा की टीम का हिस्सा बनकर काम कर रही है।"

  • 5:43 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    आदर्शों से भटक चुकी है आम आदमी पार्टी: स्वाति मालीवाल

    स्वाति मालीवाल ने एक्स पर लिखा, "साल 2006 में अपनी नौकरी छोड़कर मैंने देश सेवा का मार्ग चुना था। RTI आंदोलन, अन्ना आंदोलन, आम आदमी पार्टी के गठन और दिल्ली महिला आयोग में 8 साल निष्ठापूर्वक काम करते हुए, मैंने हर चरण में पूरी ईमानदारी और समर्पण से योगदान दिया। जिन सिद्धांतों, मूल्यों और ईमानदार राजनीति के संकल्प के साथ हमने यह सफर शुरू किया था, आज बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अरविंद केजरीवाल और उनके इशारे पर पूरी आम आदमी पार्टी उन आदर्शों से भटक चुकी है।"

    मालीवाल ने आगे लिखा, "मेरे साथ उनके आवास पर उनके इशारे पर बुरी तरह मारपीट और अभद्रता की गई। उन्होंने अपने गुंडे को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा दिया और उसे बड़े-बड़े पदों से नवाज़ा। मुझे बर्बाद करने की धमकियां दी और हर संभव कोशिश की। केजरीवाल के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में बढ़ता बेहिसाब भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ उत्पीड़न और मारपीट की घटनाएं, गुंडा तत्वों को बढ़ावा और पंजाब के साथ हो रही धोखेबाजी और लूट को देखते हुए मैंने आज पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है। मैं इस समय संसदीय समिति की बैठक के लिए इटानगर आई हुई थी। आज रात दिल्ली लौटने के बाद इस विषय पर विस्तार से बात करूंगी।"

  • 5:41 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने ली भाजपा की सदस्यता

    राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने ली भाजपा की सदस्यता। मिठाई खिलाकर भाजपा ने स्वागत किया।

  • 5:39 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भाजपा मुख्यालय पहुंचे राधव चड्ढा

    राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा दिल्ली भाजपा कार्यालय पहुंचे।

  • 5:32 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के पर्यायवाची बन चुके हैं: वीरेंद्र सचदेवा

    दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने AAP के 7 राज्यसभा सांसदों के BJP में विलय पर कहा, "ये स्वाभाविक था। उनके कुछ सांसद भी आ रहे हैं तो हम उनका स्वागत करते हैं। अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के पर्यायवाची बन चुके हैं। लूट का शासन उन्होंने दिल्ली में किया अब पंजाब में कर रहे हैं। पंजाब की जनता पर जो पैसा खर्च होना चाहिए वो पैसा गुजरात गोवा में वे अपनी राजनीति के लिए कर रहे हैं।"

  • 5:19 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राघव चड्ढा ने एक्स पर भी दी इस्तीफे की जानकारी

    राघव चड्ढा ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा, "आज, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने भाजपा में विलय कर लिया है। सात सांसदों ने उस दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के माननीय अध्यक्ष को प्रस्तुत किया गया था। मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज़ सौंपे।"

  • 5:14 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    BJP मुख्यालय पहुंचे नितिन नबीन

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सांसदों ने भाजपा में विलय की घोषणा की।

     

  • 5:07 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    देश ने देखा इनका चरित्र: अनुराग ढांडा

    राज्यसभा में AAP के 2/3 सांसदों के BJP में शामिल होने की घोषणा पर AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा, "इनका चरित्र क्या है वो आज देश ने देख लिया। पंजाब में भगवंत मान की सरकार अच्छा काम कर रही है। इनको पता है कि ये किसी हालत में वहां हरा नहीं सकते। वहां आप की सरकार वापस आने वाली है। 3 दिन पहले अशोक मित्तल के यहां ED का छापा पड़ा फिर सभी को उदाहरण दिया गया कि हम आपके यहां भी कर सकते हैं। सभी को तोड़कर फिर ले जाते हैं।"

  • 4:51 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    जो लोग गए हैं ये पार्टी के गद्दार हैं: भगवंत मान

    भगवंत मान ने कहा, "ये हमारे काम से घबरा गए फिर इन्होंने सोचा की इनकी पार्टी में फूट डाल दो लेकिन हम पंजाबी हैं और ये बात भूलते नहीं हैं। इससे पहले मैंने सुखपाल खैरा को लेकर बात की थी जब वो कांग्रेस में गए थे। ये जो 6-7 लोग गए हैं ये पार्टी के गद्दार हैं। पार्टी बड़ा होती है संगठन बड़ा होता है।"

  • 4:50 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बीजेपी की पंजाब के साथ बनती नहीं: भगवंत मान

    पंजाब के सीएम भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, "मैं पहले भी कहता था कि बीजेपी की पंजाब के साथ बनती नहीं है। कोई भी चीज़ पंजाब के लिए हो उसे ख़राब करने की कोशिश करते हैं। सबसे पहले इन्होंने RDF का पैसा रोका फिर हमारे विधायकों को तोड़ने की कोशिश की। आज हमारे सांसदों को तोड़ लिया जैसा शरद पवार के साथ हुआ। हमने ऐसे काम पंजाब में किए जो ये कर नहीं सकते।"

  • 4:47 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    लालच या डर की वजह से शामिल हुए: तेजस्वी यादव

    राज्यसभा में AAP के 2/3 सांसदों के BJP में शामिल होने की घोषणा पर, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "कुछ लोग समझौता करते हैं, डर जाते हैं, और BJP में शामिल हो जाते हैं। हो सकता है कि वे लालच या डर की वजह से शामिल हुए हों।"

  • 4:47 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे भाजपा वाले: अशोक गहलोत

    कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "भाजपा वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे। ये देश में लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। लोकतंत्र कमजोर हो रहा है ये मानना पड़ेगा। सभी एजेंसी इनके काबू में है। अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED का छापा पड़ा, पहले भाजपा ने राघव चड्ढा को भी तंग किया था। देश देख रहा है कि क्या हो रहा है।"

  • 4:46 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही भाजपा: संजय सिंह

    AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कहना चाहता हूं कि आपने भगवंत मान के कार्यों को रोकने का जो काम किया है, उसके लिए आपको पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी। आज पंजाब जैसी अच्छी सरकार के साथ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है। प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करके ऑपरेशन लोटस का तंत्र चलाया जा रहा है।"

  • 4:46 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    संजय सिंह ने बताया 'भाजपा का ऑपरेशन लोटस'

    AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "भाजपा का ऑपरेशन लोटस और राजनीति का खेल जिसमें भगवंत मान के कार्य रोकने का काम बड़े पैमाने पर शुरू हो गया है। पंजाब की सरकार वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है। पंजाब के किसी भी व्यक्ति को कोई रोग हो तो 10 लाख रुपए तक का इलाज कराने का काम किया जाता है। ऐसी सरकार को भाजपा ने रोकने और तोड़ने का काम किया है। आज AAP राज्य सभा के 7 सांसद अलग होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन सातों नामों को पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी। राघव चड्ढा को AAP ने क्या नहीं दिया लेकिन वे भाजपा में चले गए। इन सभी नेताओं को AAP ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाने का काम किया था लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता को धोखा दिया।"

  • 4:44 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ: राघव चड्ढा

    राघव चड्ढा ने कहा, "राज्यसभा में AAP के 10 सांसद हैं और 2/3 से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं। हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाती मालीवाल और अन्य नेता हमारे साथ हैं।"

  • 4:44 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    निजी फायदों के लिए काम कर रही है AAP: राघव चड्ढा

    राघव चड्ढा ने कहा, "जिस AAP को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा वह अपने मार्ग से हट गई है। अब यह देशहित के लिए नहीं बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है। मैं AAP से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं। हम सभी ने मिलकर इस पार्टी को दिल्ली, पंजाब और देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया था।"

  • 4:43 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    PM मोदी के नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे: राघव चड्ढा

    राघव चड्ढा ने कहा, "हम भाजपा में विलय कर रहे हैं। पिछले 12 सालों में भाजपा की केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई ऐसे फैसले लिए हैं जो कि आज से पहले कई नेता लेने से डरते थे। इस नेतृत्व पर जनता ने एक बार नहीं बल्कि 3 बार मुहर लगाई है। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे।"

  • 4:40 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    AAP से रास्ते अलग: संदीप पाठक

    AAP नेता संदीप पाठक ने कहा, "मैंने अपने जीवन में नहीं सोचा था कि ये स्थिति आएगी पर ये आई। 10 साल से इस पार्टी से मैं जुड़ा रहा और आज मैं AAP से अपने रास्ते अलग कर रहा हूं।"

  • 4:36 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर किया पोस्ट

    आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पूरी घटना के बाद एक्स पर एक पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का।"

  • 4:33 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इन 7 नामों को याद रखना चाहिए: संजय सिंह

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा, "भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा किए गए अच्छे कार्यों में बाधा डालने का काम किया है। आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं, पंजाब की जनता को इन 7 नामों को याद रखना चाहिए। पंजाब की जनता इन्हें कभी नहीं भूलेगी।"

  • 4:32 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    AAP के दो-तिहाई सांसद BJP में जा रहे

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राघव चड्ढा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सिद्धांतों से भटक गई है और इसी वजह से दो-तिहाई सांसद में बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं।

  • 4:21 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    AAP के सात सांसदों ने पार्टी छोड़ी

    आम आदमी पार्टी में बहुत बड़ी बगावत हो गई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने दावा किया उनके साथ AAP के 7 सांसद हैं जिन्होंने पार्टी छोड़ दी है। जब राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो उनके साथ मंच पर 2 अन्य सांसद- संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी नजर आए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत