1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'राहुल गांधी और कांग्रेस डिप्रेशन में हैं क्योंकि...', केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने ऐसा क्यों कहा?

'राहुल गांधी और कांग्रेस डिप्रेशन में हैं क्योंकि...', केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने ऐसा क्यों कहा?

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 01, 2024 05:20 pm IST,  Updated : Jul 01, 2024 05:21 pm IST

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने का मौका नहीं दिया। इसलिए उन्होंने आज संसद में जो भाषण दिया वह हिंदुओं के खिलाफ था।

G Kishan Reddy- India TV Hindi
जी किशन रेड्डी Image Source : ANI

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। रेड्डी ने कहा, 'राहुल गांधी और कांग्रेस डिप्रेशन में है। उन्होंने सरासर झूठ बोला है। हमें राहुल गांधी से सहानुभूति रखनी चाहिए क्योंकि पिछले 20 साल से वह प्रधानमंत्री बनना चाहते थे, लेकिन जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने का मौका नहीं दिया। इसलिए उन्होंने आज संसद में जो भाषण दिया वह हिंदुओं के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि हिंदू हिंसक हैं। देश के लोगों को यह बात समझनी चाहिए। जब तक देश में हिंदू हैं, देश में कोई हिंसा नहीं है।'

राहुल ने संसद में क्या कहा?

राहुल गांधी ने आज लोकसभा में चर्चा के दौरान हिंदू धर्म को लेकर बड़ी बात कह दी, जिसे लेकर हंगामा खड़ा हो गया। राहुल गांधी ने कहा कि भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या ने बीजेपी को मैसेज दिया है। अयोध्या में डर का माहौल बनाया गया। राहुल गांधी ने कहा कि ये जो लोग खुद को हिंदू कहते हैं, ये हिंदू नहीं हैं, अयोध्या की जनता के मन में बीजेपी ने भय डाला, हिंदू डर नहीं फैला सकता। इसके बाद उन्होंने भगवान शिवजी की तस्वीर लहराई और साथ ही ये कहा कि बीजेपी डर फैला रही है।

उनके इतना कहने के बाद पीएम मोदी ने राहुल गांधी को टोका और कहा कि आपने पूरे हिंदू समाज को हिंसक कह दिया है। उसके बाद अमित शाह ने भी तीखी टिप्पणी की और उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। 

राहुल गांधी ने अवधेश पासी (अयोध्या से जीतने वाले सांसद) की ओर संकेत देते हुए कहा कि ये मैसेज आपके सामने बैठे हुए हैं। अयोध्या में एयरपोर्ट बना, जमीन छीनी गई और आज तक मुआवजा नहीं मिला है। यहां के जो भी छोटे-छोटे दुकानदार थे, छोटी-छोटी बिल्डिंग्स थी, सबको गिरा दिया गया और उन लोगों को सड़क पर ला दिया गया। अयोध्या के इनोग्रेशन में अयोध्या की जनता को बहुत दुख हुआ। अंबानी जी थे, अडानी जी थे, लेकिन अयोध्या का कोई नहीं था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत