संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों को लेकर लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी ने सदन के भीतर भारत-अमेरिका ट्रेड डील, पूर्व सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे की किताब, एपस्टीन फाइल्स आदि को लेकर कई ऐसे बयान जारी किए जिसपर बड़े स्तर पर हंगामा हुआ। हंगामे के कारण लोकसभा बार-बार स्थगित करनी पड़ रही। इस बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी देश में गृह युद्ध करवाना चाहते हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा- "देश में राहुल गांधी से बड़ा कोई झूठा नहीं है। वह देश में सिविल वॉर शुरू करना चाहते हैं। वह सच के मंदिर में झूठ बोलते हैं। PM मोदी के राज में किसानों के साथ कभी नाइंसाफी नहीं हो सकती। जब एग्रीकल्चर मिनिस्टर और कॉमर्स मिनिस्टर भी यही भरोसा दिला रहे हैं, तो आपके पास ऐसा क्या है जिसके आधार पर आप गलत जानकारी फैला रहे हैं? जब चीन, कंबोडिया और बरेली से जुड़ी आपकी फाइलें खुलेंगी, तो आपको पता चल जाएगा। भारत की जनता आपको पहचान चुकी है और आप दोबारा कभी सत्ता में नहीं आएंगे। उनके (राहुल गांधी) खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाया जाना चाहिए।"
विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा- "मैंने आज लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक मोशन पेश किया है कि कैसे वे सोरोस जैसी ताकतों की मदद से देश को गुमराह कर रहे हैं। मैंने जो मोशन पेश किया है, उसमें मैंने कहा है कि इसपर चर्चा हो और राहुल गांधी की सदस्यता खत्म कर दी जाए और उन पर जिंदगी भर के लिए चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी जाए।"
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "राहुल गांधी जिस तरीके से टिप्पणी करते हैं और मर्यादा छोड़कर सिर्फ सदन में बोलने के लिए बातों को बोलना मैं मानता हूं वो गंभीर पद पर हैं और उन्हें अपनी पद की गंभीरता को समझना जरूरी है। ऐसे मुझे लगता है ये विशेषाधिकार प्रस्ताव एक अधिकार है हर किसी पास कि अगर कोई ऐसी बाते करता है जिसका कोई मायने नहीं है तो ऐसा कदम उठाया जा सकता है अभी ये होगी या नहीं ये अभी कंफर्म नहीं है।"
बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा है। इस पत्र में राहुल गांधी के कल लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान दिए गए भाषण से कई शब्दों को हटाने की मांग की गई है। वहीं, BJP MP रवि किशन ने कहा, "वह (LoP राहुल गांधी) बिना सबूत के कुछ भी कह रहे हैं। डेमोक्रेसी की इससे बड़ी हत्या नहीं हो सकती। अगर मैं कोई बात सदन में लाता हूं, तो मुझे सपोर्टिंग सबूत चाहिए। यह फ्रस्ट्रेशन के अलावा कुछ नहीं है।"
लोकसभा में LoP राहुल गांधी पर BJP MP जगदंबिका पाल, जो राहुल गांधी के भाषण के दौरान चेयर पर थे, उन्होंने कहा- "वह विपक्ष के नेता हैं, और उन्हें अपने शब्दों और भाषा की मर्यादा का पता होना चाहिए। क्या इस पार्लियामेंट्री डेमोक्रेसी में ऐसा करना सही है?"
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव नहीं लाएगी सरकार, विवादित भाषण को कार्यवाही से हटाया जाएगा