Rajasthan Political Crisis: कांग्रेस में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राजस्थान कांग्रेस में कलह मच गई है। यहां सचिन पायलट और अशोक गहलोत के समर्थकों के बीच तनातनी हो गई है। दरअसल ऐसी संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस आलाकमान द्वारा सचिन पायलट को राजस्थान का अगला सीएम बनाने को लेकर विचार किया जा रहा है। इस बीच अशोक गहलोत के समर्थन में 90 विधायकों ने अपना इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मामले को सुलझाने का जिम्मा सीनियर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन को दिया है। सोनिया ने इन दोनों नेताओं से कहा है कि वे बागी विधायकों से बात करें। हालांकि, बागी विधायकों ने दोनों नेताओं से मिलने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद खड़गे और माकन राजस्थान के सियासी घमासान की पूरी रिपोर्ट दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान को देंगे।
- Hindi News
- भारत
- राजनीति
- Rajasthan Political Crisis Update: क्या कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर किए गए गहलोत? खफा हुआ आलाकमान
Rajasthan Political Crisis Update: क्या कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर किए गए गहलोत? खफा हुआ आलाकमान
Rajasthan Political Crisis Live: अशोक गहलोत के समर्थन में 90 विधायकों ने अपना इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मामले को सुलझाने का जिम्मा सीनियर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन को दिया है।
Rajasthan Political Crisis: 26 Sep 2022
-
7:55 PM (IST) Sep 26, 2022
गद्दारी करने वालों को चीफ़ मिनिस्टर बनाया जा रहा- शांति धारीवाल
शांति धारीवाल ने बड़ा बयान दिया है। धारीवाल ने कहा कि हमने सरकार बचाई और मानेसर जाकर ग़द्दारी करने वालों को चीफ़ मिनिस्टर बनाया जा रहा है। अजय माकन पर धारीवाल ने सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि माकन सीधे तौर पर सचिन को फ़ायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं। मेरे पास इस बात के सबूत हैं।
-
7:50 PM (IST) Sep 26, 2022
राजस्थान संकट पर सोनिया गांधी ने पर्यवेक्षकों से मांगी लिखित रिपोर्ट
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की राजस्थान इकाई में चल रहे संकट को लेकर पार्टी के दोनों पर्यवेक्षकों मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन से लिखित रिपोर्ट तलब की है।
-
6:42 PM (IST) Sep 26, 2022
विचार-विमर्श के बाद पार्टी अध्यक्ष फैसला लेंगी: अजय माकन
102 गहलोत के वफादारों ने हमसे कहा था कि उनमें से किसी को सीएम बनाया जाना चाहिए। हमने उनसे कहा कि उनकी राय पार्टी प्रमुख के सामने रखी जाएगी और पारित प्रस्तावों के लिए कोई शर्त नहीं है; विचार-विमर्श के बाद पार्टी अध्यक्ष फैसला लेंगी: अजय माकन
-
5:52 PM (IST) Sep 26, 2022
गहलोत की दावेदारी कमजोर, खड़गे और वासनिक पार्टी के अध्यक्ष पद की दौड़ में
सूत्रों से खबर है कि मल्लिकार्जुन खड़गे और मुकुल वासनिक पार्टी के अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। साफ है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत की दावेदारी कमजोर हुई है।
-
4:36 PM (IST) Sep 26, 2022
जयपुर में विधायकों से मुलाकात के बाद दिल्ली पहुंचे अजय माकन-खड़गे
एआईसीसी पर्यवेक्षक अजय माकन जयपुर में विधायकों से मुलाकात के बाद दिल्ली पहुंचे हैं। दिल्ली में माकन अपनी रिपोर्ट कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपेगें।
-
4:19 PM (IST) Sep 26, 2022
राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रमेश्वर डूडी 10 जनपथ पहुंचे
राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता रमेश्वर डूडी 10 जनपथ पहुंचे हैं।
-
3:32 PM (IST) Sep 26, 2022
कांग्रेस आलाकमान ने कमलनाथ को तुरंत दिल्ली पहुंचने का आदेश दिया
कांग्रेस आलाकमान ने एमपी कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ को तुरंत दिल्ली पहुंचने को कहा है। राजस्थान कांग्रेस संकट में उनके मध्यस्थता करने की संभावना है: सूत्र
-
2:34 PM (IST) Sep 26, 2022
जयपुर में मंत्री शांति धारीवाल के घर गहलोत गुट के विधायकों की बैठक, कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ भी मौजूद
जयपुर में मंत्री शांति धारीवाल के घर गहलोत गुट के विधायकों की बैठक हो रही है। इसमें विधायक बलजीत यादव, गोपाल मीणा, भरोसीलाल जाटव, चेतन डूडी, रफीक खान पहुंचे हैं। इससे पहले मंत्री भरोसीलाल जाटव, विधायक बलवान पूनिया ने भी मुलाकात की है। कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ भी धारीवाल के आवास पर मौजूद हैं।
-
2:24 PM (IST) Sep 26, 2022
सोनिया गांधी ने सुबह कमलनाथ से बात की
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सुबह कमलनाथ से बात की। इसके बाद कमलनाथ दिल्ली आ रहे हैं।
-
2:20 PM (IST) Sep 26, 2022
बीजेपी नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कांग्रेस पर निशाना साधा
राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा है कि एक दिन समस्याएं कांग्रेस हो जाएगी और कांग्रेस समस्या बन जाएगी। इनकी भ्रष्ट राजनीति की नींव में अब दीमक लग चुका है। कांग्रेस के अंदर लोकतंत्र कभी था ही नहीं। इन्होंने देश और पार्टी तानाशाही से ही चलाई है। इनके मौजूदा नाटक के चलते राज्य की जनता पिस रही है। राजस्थान को राहत देने के लिए इनको असली में त्यागपत्र देना चाहिए।
-
2:16 PM (IST) Sep 26, 2022
कुछ विधायक आज शाम दिल्ली रवाना होंगे
राजस्थान के सियासी संकट पर बड़ी खबर सामने आई है। कुछ विधायक आज शाम दिल्ली रवाना होंगे। महेश जोशी भी आज शाम दिल्ली जा रहे हैं। इसके अलावा कल भी कई विधायकों के दिल्ली जाने की खबर है।
-
2:09 PM (IST) Sep 26, 2022
सियासी संकट पर सचिन पायलट का बयान
सचिन पायलट ने कहा है कि मैं अभी दिल्ली नहीं जा रहा हूं। जयपुर में ही हूं। आलाकमान के फैसले के बाद फैसला करेंगे।
-
2:08 PM (IST) Sep 26, 2022
जयपुर में सीएम गहलोत से मुलाकात के बाद बोले खड़गे
जयपुर में सीएम गहलोत से मुलाकात के बाद खड़गे ने कहा कि हमने कांग्रेस अध्यक्ष को जानकारी दे दी है। जो फैसला लिया जाएगा, उसका सबको पालन करना होता है। पार्टी में अनुशासन होना चाहिए।
-
1:54 PM (IST) Sep 26, 2022
कमलनाथ को दिल्ली तलब किया गया
कमलनाथ को दिल्ली तलब किया गया है। अध्यक्ष पद के लिए कुछ दिन पहले इनके नाम की चर्चा थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही उन्होंने मना किया था।
-
1:44 PM (IST) Sep 26, 2022
सीएम गहलोत और मल्लिकार्जुन खड़गे की हो रही मीटिंग
अजय माकन गहलोत से मिले बिना ही दिल्ली के लिए निकल गए हैं। गहलोत अब मल्लिकार्जुन खड़गे से मिल रहे हैं।
-
1:43 PM (IST) Sep 26, 2022
राजस्थान के सियासी घटनाक्रम पर बोले मंत्री राजेंद्र गुढ़ा
मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि अगर कांग्रेस नहीं होती तो यह बगावत करने वाले सरपंच तक नहीं बनते। गुढ़ा ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मंत्री महेश जोशी, धारीवाल अगर अपनी खाल की माला की जूती बनाकर के राहुल गांधी को पहना दें, तो भी यह राहुल गांधी का कर्ज नहीं चुका सकते।
-
1:35 PM (IST) Sep 26, 2022
होटल मैरियट में पर्यवेक्षकों से मिलने पहुंचे सीएम गहलोत
सीएम गहलोत होटल मैरियट में पर्यवेक्षकों से मिलने पहुंचे हैं। यहां वे अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे।
-
12:32 PM (IST) Sep 26, 2022
बीजेपी नेता सुनील जाखड़ का बयान- चापलूस मंडली कांग्रेस को चला रही है
बीजेपी नेता सुनील जाखड़ ने कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चापलूस मंडली कांग्रेस को चला रही है। जो पंजाब में हुआ, वही राजस्थान में हो रहा है।
-
12:28 PM (IST) Sep 26, 2022
जयपुर: मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा ने दिया ये बयान
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार संयम लोढ़ा ने कहा है कि विधायकों की अब किसी से कोई बात नहीं होगी। हमने अजय माकन और खड़गे तक हमारी मंशा पहुंचा दी है। अब आलाकमान ही विधायकों की मंशा पर अंतिम फैसला लेगा। आलाकमान का फैसला राजस्थान के हर विधायक ने माना है और आने वाले समय में भी आलाकमान का फैसला ही मान्य
होगा। -
12:26 PM (IST) Sep 26, 2022
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कसा तंज, कहा- डूबता जहाज है कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सरकार दो खेमों में बंट गई है। कोई सचिन के समर्थन में नारे लगा रहा है और कोई अशोक गहलोत का और नारे लगाने वाले भी कांग्रेसी हैं। राहुल गांधी इसके लिए जिम्मेदार हैं। जनता 2023 में कांग्रेस को सबक सिखाएगी। 4 साल में तो राजस्थान सरकार ने जनता के लिए कुछ नहीं किया। राजस्थान में बीजेपी जनता के पास जाएगी। कांग्रेस बेवजह बीजेपी पर आरोप लगाती है।
-
12:22 PM (IST) Sep 26, 2022
गहलोत कैंप के विधायक महेश जोशी का बयान- हमने कोई अनुशासनहीनता नहीं की
गहलोत कैंप के विधायक महेश जोशी ने कहा है कि हमने कोई अनुशासनहीनता नहीं की है। पर्यवेक्षक हमारी बात को हाईकमान तक पहुंचाएं। पर्यवेक्षकों ने हमारी भावनाओं को देखा है। हमें आलाकमान के मैसेज का इंतजार है।
-
12:13 PM (IST) Sep 26, 2022
संदीप दीक्षित ने कांग्रेस पर्यवेक्षकों पर सवाल उठाए
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कांग्रेस पर्यवेक्षकों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मामले को समय रहते हैंडल नहीं किया गया। ठीक से मैनेज किया जाता तो ऐसा नहीं होता।
-
12:13 PM (IST) Sep 26, 2022
पायलट गुट के विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा बोले- अब अध्यक्ष नहीं बन पाएंगे गहलोत
पायलट गुट के विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा ने कहा है कि अब गहलोत अध्यक्ष नहीं बन पाएंगे। बच्चा-बच्चा जानता है कि गहलोत अध्यक्ष नहीं बन पाएंगे।
-
12:05 PM (IST) Sep 26, 2022
गहलोत गुट के नेता शांति धारीवाल ने कहा- षड़यंत्र की वजह से कांग्रेस ने पंजाब खोया अब राजस्थान खोएंगे
गहलोत गुट के नेता शांति धारीवाल ने कहा है कि हाईकमान ने गहलोत का इस्तीफा मांगा लेकिन गहलोत के अलावा हमें कोई और सीएम मंजूर नहीं है। षड़यंत्र की वजह से कांग्रेस ने पंजाब खोया अब राजस्थान खोएंगे। हाईकमान बताए कि गहलोत के पास कौन से 2 पद हैं।
-
12:02 PM (IST) Sep 26, 2022
गहलोत कैंप के 3 नेताओं को नोटिस देने की तैयारी
राजस्थान में गहलोत कैंप से खुली बगावत नजर आ रही है। इस बीच खबर मिली है कि गहलोत कैंप के 3 नेताओं को नोटिस देने की तैयारी है। सूत्रों का कहना है कि महेश जोशी, प्रताप सिंह खचरियवास और शांति धारीवाल को कारण बताओ नोटिस देने की तैयारी की जा रही है।
-
12:00 PM (IST) Sep 26, 2022
माकन ने कहा- विधायक जो भी कहेंगे, उसे कांग्रेस अध्यक्ष को बता देंगे
माकन ने कहा कि नाराज विधायक जो भी कहेंगे, उसे कांग्रेस अध्यक्ष को बता देंगे लेकिन उसे प्रस्ताव में नहीं डाल सकते।
-
11:57 AM (IST) Sep 26, 2022
अजय माकन ने कही ये बात
राजस्थान मामले पर पर्यवेक्षक अजय माकन ने कहा कि रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपी जाएगी। हम दिल्ली वापस आने पर यह उन्हें सौंपेंगे। मीटिंग सीएम गहलोत ने बुलाई थी। तारीख और जगह उन्होंने तय की, हमने नहीं। उन्होंने ये तीन शर्तें रखीं।
नंबर 1- कोई भी प्रस्ताव पारित करें और 19 अक्टूबर को गहलोत के अध्यक्ष बनने के बाद ही निर्णय लिया जाए। (पर्यवेक्षक ने कहा कि यह हितों का टकराव है)
नंबर 2- एक के बाद एक बैठक के बजाय हमें समूह में मिलें। यह कांग्रेस पार्टी के नियम के खिलाफ है।
नंबर 3- सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाना चाहिए और जो सचिन पायलट के साथ थे, उन्हें छोड़कर किसी को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है और यह संकल्प का हिस्सा होना चाहिए।
-
11:52 AM (IST) Sep 26, 2022
सचिन पायलट के करीबी विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने कहा- आलाकमान के हिसाब से चलेंगे
सचिन पायलट के करीबी विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने कहा है कि हम आलाकमान के हिसाब से चलेंगे।
-
11:50 AM (IST) Sep 26, 2022
मल्लिकार्जुन खड़गे बेहद नाराज
गहलोत समर्थक माने जाने वाले मंत्री शांति धारीवाल के घर पर राज्य मंत्री महेश जोशी ने इस्तीफा रखने की पेशकश की थी। कल के घटनाक्रम पर मल्लिकार्जुन खड़गे बेहद नाराज हैं।सूत्रों का कहना है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल मीटिंग में कहा है कि अपने करियर में कई ऐसे पक्ष और विपक्ष देखे हैं।
-
11:45 AM (IST) Sep 26, 2022
दिल्ली लौटेंगे खड़गे और अजय माकन
कांग्रेस आलाकमान की तरफ से राजस्थान भेजे गए दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे आज दिल्ली वापस लौट आएंगे। जहां वे पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात करके उन्हें अपनी रिपोर्ट सौपेंगे और ताजा हालात के बारे चर्चा करेंगे।
-
11:44 AM (IST) Sep 26, 2022
नाराज विधायकों ने रखीं हैं 3 शर्तें
सूत्रों के हवाले से आ रही ख़बरों के अनुसार, नाराज और इस्तीफा दे चुके विधायकों के गुट ने आलाकमान के सामने अपनी तीन शर्ते रखी हैं। इसमें कहा गया है कि अशोक गहलोत अध्यक्ष चुनाव के बाद CM पद से इस्तीफा देंगे। वहीं जो भी मुख्यमंत्री बनेगा वो उन 102 विधायकों में से हो जिन्होंने 2020 में सचिन पायलट की बगावत के दौरान सरकार गिरने से बचाने का काम किया था। और तीसरी शर्त यह है कि अगला मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की राय पर ही बनाया जाए। विधायकों ने साफ़ कर दिया है कि जब तक उनकी बातें नहीं मानी जाएंगी, तब तक कोई विधायक बैठक में शामिल नहीं होगा।
-
11:43 AM (IST) Sep 26, 2022
गहलोत के समर्थन में विधायकों ने दिया इस्तीफा
कल देर शाम अशोक गहलोत के समर्थन में खड़े 92 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद आलाकमान के होश उड़ गए। जिसके बाद से डैमेज कंट्रोल की कोशिशें शुरू की गईं। बताया जा रहा है कि इस बवाल के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाथ खड़े कर दिए और कहा कि उनके बस में कुछ नहीं है। उन्होंने कहा है कि यह विधायकों का निजी फैसला है और इसमें उनका कोई हाथ नहीं। इसके बाद वेणुगोपाल ने खड़गे से भी बात की है। जिसके बाद दिल्ली आलाकमान से निर्देश आया कि सभी विधायकों से बात करके मसले को सुलझाया जाए।
-
11:41 AM (IST) Sep 26, 2022
राजस्थान में किसके पास कितनी सीटें
कांग्रेस-108 विधायक
बीजेपी - 70
निर्दलीय - 13
आरएलपी - 3
माकपा - 2
बीटीपी - 2
आरएलडी - 1