1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. "मैं जिसके साथ, वो सत्ता में... विपक्ष बाहर", रामदास आठवले ने अपने अंदाज में PM मोदी के लिए कर दी भविष्यवाणी

"मैं जिसके साथ, वो सत्ता में... विपक्ष बाहर", रामदास आठवले ने अपने अंदाज में PM मोदी के लिए कर दी भविष्यवाणी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 11, 2026 10:36 pm IST,  Updated : Jun 11, 2026 10:39 pm IST

रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 साल से ज्यादा समय तक देश की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता चाहती है कि मोदी ही सत्ता में बने रहें।

रामदास आठवले- India TV Hindi
रामदास आठवले Image Source : PTI

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के प्रमुख रामदास आठवले ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में वह जिसके साथ खड़े होते हैं, सरकार उसी की बनती है। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA 2029 और 2034 के आम चुनावों में भी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगा। केंद्र में मोदी सरकार के सत्ता में 12 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आठवले ने यह बातें कहीं।

आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 साल से ज्यादा समय तक देश की सेवा करेंगे। बाद में अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने गणित समझाया कि उनकी इस गणना में मोदी सरकार के पिछले 12 साल भी शामिल हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि पीएम मोदी 2029 और 2034 के आगामी लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल कर सत्ता में बने रहेंगे। आठवले ने कहा, "देश की जनता चाहती है कि मोदी ही सत्ता में बने रहें।"

"मैं हमेशा सरकार का हिस्सा बन जाता हूं" 

संवैधानिक सिद्धांतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता के पास होती है, जो 'एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य' के सिद्धांत पर चलती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आठवले ने हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में कहा, "मैं जिसका भी साथ देता हूं, वही सत्ता में आता है। इससे मैं हमेशा सरकार का हिस्सा बन जाता हूं और विपक्ष सत्ता से बाहर ही रह जाता है।"

राहुल गांधी पर कसा तंज

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने राहुल गांधी को "रोजाना आलोचना करने में विशेषज्ञ" बनने के लिए मजाकिया अंदाज में बधाई दी। आठवले ने विश्वास जताया कि अगले चुनावों के बाद भी विपक्ष की स्थिति में कोई बदलाव नहीं होने वाला, क्योंकि एनडीए का सत्ता छोड़ने का कोई इरादा नहीं है।

पीएम मोदी से मुलाकात का किया जिक्र

आठवले ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी से हुई अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस मुलाकात के दौरान उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से पीएम मोदी को भगवान बुद्ध की एक प्रतिमा भेंट की थी। आठवले ने प्रधानमंत्री से कहा कि आज वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए दुनिया को युद्ध की नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध की शिक्षाओं और शांति की सख्त जरूरत है।

भेदभाव के आरोपों को किया खारिज

एनडीए सरकार के धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए आठवले ने सरकार पर लगने वाले भेदभाव के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोदी सरकार हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, जैन, बौद्ध और लिंगायत सहित सभी समुदायों के विकास और कल्याण के लिए समान रूप से काम करती है।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली की 'सीक्रेट' मीटिंग के बाद छिपते-छिपाते कोलकाता लौटीं सायनी घोष, एयरपोर्ट का VIDEO आया सामने

ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष बनाने पर कलकत्ता हाई कोर्ट सख्त, पूछा- स्पीकर के फैसले पर रोक क्यों नहीं?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत