राजस्थान में सियासी सरगर्मी काफी बढ़ चुकी है। सचिन पायलट अपनी ही सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठै हैं। उनका अनशन शाम 4 बजे तक चलेगा। माना जा रहा है कि सचिन पायलट कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। अनशन के दौरान पार्टी के विधायकों और मंत्रियों की जगह वे अपने समर्थकों को साथ रखेंगे। इससे पहले रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उन्होंने वसुंधरा राजे के सीएम रहते हुए घोटालों पर कार्रवाई नहीं करने के मुद्दे को उठाया था। वहीं राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सचिन पायलट के इस कदम को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत हो तो उसे पार्टी के अंदर उठाया जा सकता है।
सचिन पायलट के अनशन स्थल पर ज्योति खंडेलवाल, विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा,कांग्रेस नेता सुरेश मिश्रा, राजू गुप्ता भी पहुंचे। नसीराबाद से पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, पीसीसी मीडिया पैनलिस्ट किशोर शर्मा, पूर्व पार्षद और उपनेता धर्म सिंह सिंघानिया, मोहन मीणा, एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया, सेवादल के पूर्व प्रदेश मुख्य संगठक सुरेश चौधरी मौजूद।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सरकार में हुए भ्रष्टाचार के ख़िलाफ कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अपना एक दिन का अनशन शुरू किया।
राजस्थान सरकार का अंतर्कलह चरम पर है। जिस व्यक्ति ने सरकार के निर्माण में सबसे अहम भूमिका निभाई थी आज वे अनशन पर हैं और सहारा ले रहे हैं पूर्ववर्ती सरकार का। उनके मन में अपने अपमान और इस सरकार के भ्रष्टाचार की पीड़ा है।
राजस्थान कांग्रेस के नेता सचिन पायलट ने अपने दिन भर के अनशन से पहले जयपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले को पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ज्योतिबा फूले की मूर्ति पर पुष्पांजलि कार्यक्रम का समय बदला। पहले 9 बजे तय समय के मुताबिक पुष्पांजलि के लिए जाना था लेकिन अब वे 11 बजे पुष्पांजलि के लिए जाएंगे। चूंकि सचिन पायलट को भी पुष्पांजलि के लिए जाना था इसलिए गहलोत ने अपने कार्यक्रम का समय बदल लिया।
आम आदमी पार्टी ने सचिन पायलट का समर्थन किया है। आप नेता विनय मिश्रा ने ट्वीट कर जनता से सचिन पायलट का साथ देने का अह्वान किया है।
राजस्थान मामलों के प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि जो भी शिकायतें हों वे उसे पार्टी के मंच पर उठाएं। इस तरह के अनशन का कोई औचित्य नहीं है। ऐसा कोई भी कदम पार्टी विरोधी गतिविधि माना जाएगा।
सचिन पायलट अपने समर्थकों के साथ दिन के 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनशन पर बैठेंगे। अनशन खत्म होने के बाद वे मीडिया से बात करेंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले सचिन पायलट ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। जयपुर में शहीद स्मारक पर एक दिन का अनशन करेंगे।
संपादक की पसंद