Suvendu Adhikari Oath Ceremony Latest Update: पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत के बाद आज (रविवार को) बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का राजतिलक होने जा रहा है। सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में हजारों लोगों के बीच शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शुभेंदु अधिकारी ने शपथ से पहले ही साफ कर दिया है कि अब बंगाल में मैं नहीं हम सब मिलकर सरकार चलाएंगे।
बता दें कि करीब 6 साल पहले बंगाल बीजेपी में शुभेंदु अधिकारी की एंट्री हुई थी। गृहमंत्री अमित शाह ने खुद उनका हाथ पकड़कर उन्हें बीजेपी में शामिल कराया था और 2026 में शुभेंदु बंगाल में बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बन गए। शुभेंदु अधिकारी बंगाल में बीजेपी के जायंट किलर हैं, जिन्होंने दो बाद लगातार सीटिंग सीएम ममता बनर्जी को चुनावों में मात दी है। 2021 में नंदीग्राम में उन्हें हराया और 2026 में भवानीपुर में शिकस्त दी, इसलिए उनकी ताजपोशी भी ऐतिहासिक होगी।
शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में खुद पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, NDA शासित राज्यों के सीएम समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के 9वें और बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। बंगाल में बीजेपी ने एक और बड़ा फैसला किया है कि बंगाल में कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा, आज जो चेहरे शपथ लेंगे उनमें शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री, इसके अलावा दिलीप घोष, निशिथ प्रमाणिक, अग्निमित्रा पॉल, रूद्रा घोष, दीपक वर्मन, रत्ना देबनाथ और पूर्णिमा चक्रवर्ती को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।
दूसरी तरफ, तमिलनाडु में TVK चीफ विजय की शपथ पर ग्रहण लग गया है। बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों से 2 विधायक कम हैं। VCK के समर्थन पर सस्पेंस है। वहीं, AMMK चीफ दिनाकरन ने राज्यपाल को चिट्ठी दी है। AMMK चीफ दिनाकरन ने TVK के खिलाफ चेन्नई पुलिस से जालसाजी की शिकायत की। TVK पर अपने इकलौते विधायक के फर्जी दस्तखत वाला पत्र गवर्नर को सौंपने का आरोप लगाया। फिर, TVK ने जवाब में वीडियो जारी किया, जिसमें AMMK विधायक कामराज समर्थन पत्र लिखते नजर आए। पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण और तमिलनाडु की राजनीति से जुड़ा हर अपडेट यहां जानें।