1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केरल एग्जिट पोल: कड़े मुकाबले में BJP ‘किंगमेकर’ की भूमिका में, UDF और LDF के बीच कांटे की टक्कर

केरल एग्जिट पोल: कड़े मुकाबले में BJP ‘किंगमेकर’ की भूमिका में, UDF और LDF के बीच कांटे की टक्कर

 Published : Apr 30, 2026 08:02 pm IST,  Updated : Apr 30, 2026 08:02 pm IST

Kerala Exit Poll 2026: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के एक एग्जिट पोल में UDF और LDF के बीच कड़ा मुकाबला दिख रहा है। 'टुडेज चाणक्य' के एग्जिट पोल के मुताबिक, UDF को मामूली बढ़त मिल सकती है, जबकि LDF पीछे है। BJP 7 सीटों के साथ किंगमेकर की भूमिका में रह सकती है।

Kerala exit poll 2026, UDF vs LDF Kerala election, BJP kingmaker Kerala- India TV Hindi
केरल में बीजेपी किंगमेकर की भूमिका में आ सकती है। Image Source : PTI

तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव को लेकर आए 'टुडेज चाणक्य' के एग्जिट पोल में सूबे की सियासत को लेकर दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। इस सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF और सत्तारूढ़ LDF के बीच बेहद करीबी मुकाबला है, जबकि भारतीय जनता पार्टी राज्य में किंगमेकर की भूमिका में नजर आ सकती है। एग्टिट पोल में कहा गया है कि लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को 64 सीटें और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को 69 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीजेपी को 7 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि अन्य दलों को एक भी सीट न मिलने की बात कही गई है।

अन्य एग्जिट पोल में भी अलग-अलग अनुमान

बता दें कि केरल को लेकर किए गए अलग-अलग एग्जिट पोल में अलग-अलग अनुमान लगाए गए हैं। 'मैटराइज' के एग्जिट पोल में UDF को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। इसके मुताबिक, UDF को 70-75 सीटें मिल सकती हैं, जबकि LDF को 60-65 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA को केवल 3-5 सीटें और अन्य को 2-4 सीटें मिल सकती हैं। इस सर्वे में वोट शेयर का भी अनुमान दिया गया है, जिसमें UDF को 41.7%, LDF को 39.5%, NDA को 13.4% और अन्य को 5.4% वोट मिल सकते हैं।

चुनावी माहौल और अन्य राज्यों के संकेत

देश के कई राज्यों के एग्जिट पोल में भी अलग-अलग रुझान देखने को मिले हैं। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के बेहतर प्रदर्शन और असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के संकेत मिले हैं, जबकि केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF सत्ता में वापसी करता दिख रहा है। बता दें कि देश के 5 राज्यों में 9 अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच विधानसभा चुनाव हुए थे। तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में एक चरण में मतदान हुआ, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोटिंग हुई। इन चुनावों की खास बात यह रही कि बंगाल में आजादी के बाद किसी भी सूबे का सबसे ज्यादा मतदान रिकॉर्ड किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत