1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. यूपी चुनाव 2022: रायबरेली में प्रियंका का 'महिला शक्ति संवाद', क्या वादों के जरिए महिलाओं को साध पाएगी कांग्रेस?

यूपी चुनाव 2022: रायबरेली में प्रियंका का 'महिला शक्ति संवाद', क्या वादों के जरिए महिलाओं को साध पाएगी कांग्रेस?

 Written By: Neeraj Jha
 Published : Dec 19, 2021 11:36 am IST,  Updated : Dec 19, 2021 12:30 pm IST

ये कार्यक्रम रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा महिला शक्ति संवाद रैली में शामिल होंगी। प्रियंका गांधी के सामने 2022 यूपी विधानसभा में पार्टी को जीत दिलाना सबसे बड़ी चुनौती है।

अमेठी के एक कार्यक्रम...- India TV Hindi
अमेठी के एक कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ता को गले लगाती प्रियंका गांधी Image Source : PTI

Highlights

  • जानें- प्रियंका गांधी ने राज्य की महिलाओं से क्या-क्या वादे किए हैं
  • प्रियंका गांधी आज रायबरेली में 'महिला शक्ति संवाद' को संबोधित करेंगी
  • स्थानीय महिलाओं से करेंगी बात, वोटबैंक पर नजर

नयी दिल्ली: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने और सत्ता की दावेदारी के लिए रण में उतर चुकी है। लगातार पार्टी के महासचिव प्रियंका गांधी और वायनाड से सांसद राहुल गांधी क्षेत्र में अलग-अलग दौरा कर रहे हैं। अमेठी दौरे के बाद आज प्रियंका गांधी राज्य के रायबरेली में 'महिला शक्ति संवाद' रैली को संबोधित करेंगी। इस संवाद के जरिए कांग्रेस महिला वोटबैंक को साधने की कोशिश करेगी। प्रियंका यहां की स्थानीय महिलाओं के साथ बातचीत करेंगी।

ये कार्यक्रम रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा महिला शक्ति संवाद रैली में शामिल होंगी। प्रियंका गांधी के सामने 2022 यूपी विधानसभा में पार्टी को जीत दिलाना सबसे बड़ी चुनौती है। राज्य में इस वक्त योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भाजपा सरकार है। पीएम मोदी लगातार राज्य को बड़ी सौगात दे रहे हैं। इससे भाजपा के वोटबैंक में वृद्धि होने की संभावना है। वहीं, पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी कांग्रेस और भाजपा को घेरकर सत्ता तक पहुंचने की जुगत में लगे हुए हैं।

EXCLUSIVE: "राहुल-प्रियंका चाहें तो मैं चुनाव लड़ सकता हूं, देश को प्रियंका की जरूरत"- Robert Vadra

कांग्रेस करीब तीन दशक से राज्य की सत्ता से दूर है। मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की अगुवाई में आखिरी बार साल 1988-89 तक कांग्रेस की राज्य में सरकार रही थी। उसके बाद से कांग्रेस सत्ता के लिए लगातार संघर्ष कर रही है लेकिन पार्टी को अब तक के विधानसभा चुनाव में निराशा ही हाथ लगी है।

रायबरेली कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है। गौरतलब है कि आगामी चुनाव में कांग्रेस की ओर से 40 फीसदी टिकट महिलाओं को दिये जाने की घोषणा की जा चुकी है। पिछले दिनों कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने अलग से महिलाओं के लिए घोषणापत्र जारी किया है। इसमें पार्टी की तरफ से कई वादे किए हैं। घोषणापत्र जारी करने के दौरान प्रियंका ने कहा था, " राजनीति में 40 फीसदी महिलाओं की भागीदारी होनी चाहिए। समाज में महिलाओं को लेकर काफी असंतुलन है।" लखनऊ में प्रियंका गांधी ने कहा था, "वो इसे सशक्त करना चाहती है। हमने एक महिला घोषणा पत्र बनाया है जिसमें हम ये कहना चाहते हैं कि हम महिलाओं को सचमुच सशक्त बनाना चाहते हैं और इसके लिए हमें एक ऐसा वातावरण बनाना पड़ेगा जहां महिलाओं की अभिव्यक्ति बंधनों को तोड़ सके।"

क्या वादों के जरिए राज्य की महिलाओं को साध पाएंगी प्रियंका?

प्रियंका ने घोषणापत्र जारी करने के दौरान महिलाओं को लेकर बड़े वादे करते हुए कहा था, " राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर 8 लाख महिलाओं को यानी 40 फीसदी को रोजगार देंगे। हमने कुल 20 लाख रोजगार देने का वादा किया है। महिलाओं को मनरेगा में प्राथमिकता मिलेगी। सरकारी पदों पर 40 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति की जाएगी।"

कांग्रेस की तरफ से महिलाओं के लिए 10 आवासीय खेल अकादमी, लड़कियों के लिए इवनिंग स्कूल खोलेने, महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा, महिलाओं द्वारा चलाए जाने वाले उद्योग को सस्ता ऋण जैसे कई वादे किए हैं। प्रियंका गांधी ने बारहवीं में छात्राओं को स्मार्ट फोन और ग्रेजुएशन में लड़कियों को स्कूटी दिया जाने का भी वादा किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत