VD Satheesan Kerala CM: सियासत में सटीक आकलन और विजन का बहुत महत्व होता है। विधानसभा चुनाव से ठीक 4 महीने पहले, जब केरल में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों का रिजल्ट आया था, तब कांग्रेस के दिग्गज नेता वीडी सतीशन ने इंडिया टीवी को दिए EXCLUSIVE इंटरव्यू में जो बातें कही थीं, वे अक्षरशः सच साबित हुईं। शायद उनकी इस अचूक सियासी समझ और शानदार लीडरशिप का ही परिणाम है कि कांग्रेस पार्टी अब उन्हें केरल का नया सीएम बनाने जा रही है।
सतीशन ने इस आधार पर की थी कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी
बता दें कि 4 महीने पहले जब कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन UDF की निकाय-पंचायत चुनावों में ऐतिहासिक जीत पर उनसे प्रश्न किया गया था, तो सतीशन का रोडमैप बिल्कुल साफ था। तब उन्होंने बेबाकी से कहा था कि निकाय-पंचायत चुनावों में UDF की यह जीत अप्रैल, 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए संजीवनी बूटी की तरह काम करेगी। उन्होंने ये भी बताया था कि केरल के स्थानीय चुनाव अन्य राज्यों से काफी अलग हैं और यह पूरी तरह से एक 'सियासी मुकाबला' होता है, जहां हर मोर्चे से पर तीनों मुख्य गठबंधनों के उम्मीदवार आमने-सामने होते हैं। इसलिए दिसंबर में हुई कांग्रेस की वह जीत निर्णायक थी।
जब UDF के काम आई सतीशन की आक्रामक रणनीति
निकाय-पंचायत चुनावों में UDF की कामयाबी के पीछे सतीशन की आक्रामक स्ट्रैटेजी थी। उन्होंने तत्कालीन लेफ्ट सरकार को केरल की सबसे 'अक्षम सरकार' बताते हुए जनता के सामने 'चार्जशीट' पेश की थी। इस रणनीति का ही रिजल्ट था कि 1995 के बाद UDF ने निकाय-पंचायत चुनाव में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी।
कांग्रेस गठबंधन के 100 से ज्यादा सीटें जीतने वाला दावा हुआ सच
इस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में सबसे बड़ा दावा वीडी सतीशन के आत्मविश्वास का था। जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या उन्हें इतने बड़े बहुमत की आशा थी, तो उनका जवाब साफ था, 'हमारा यह बेस्ट परफॉर्मेंस है और यह अभी और बेहतर होने वाला है।' सतीशन ने उसी समय यह दावा कर दिया था कि केरल विधानसभा चुनाव 2026 में उनका टारगेट 140 में से 100 से ज्यादा सीटें जीतना है और जब विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आया तो उसमें कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF गठबंधन ने कुल 102 सीटें जीतीं।
केरल में कांग्रेस के सबसे मजबूत नेता के रूप में उभरे सतीशन
केरल के सियासी समीकरण आज बिल्कुल उसी दिशा में आगे बढ़े हैं जो वीडी सतीशन ने 13 दिसंबर, 2025 को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बताए थे। वीडी सतीशन के दावों के हकीकत में बदलने से यह साबित हो गया कि वह ही केरल में पार्टी के सबसे मजबूत नेता हैं और राज्य की सियासी जमीन पर उनकी पकड़ सबसे अधिक है।
क्लिक करके पढ़ें इंडिया टीवी को दिसंबर, 2025 में दिया गया वीडी सतीशन का पूरा इंटरव्यू