1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Tamil Nadu Assembly Elections 2026: विरुधुनगर सीट पर रहा है DMK का दबदबा, इस बार बहुकोणीय है मुकाबला

Tamil Nadu Assembly Elections 2026: विरुधुनगर सीट पर रहा है DMK का दबदबा, इस बार बहुकोणीय है मुकाबला

 Published : Apr 17, 2026 07:56 pm IST,  Updated : Apr 17, 2026 07:56 pm IST

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। बात करें विरुधुनगर विधानसभा सीट की तो इस बार यहां बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। वैसे इस सीट पर DMK का दबदबा रहा है।

Tamil Nadu Assembly Elections 2026- India TV Hindi
Tamil Nadu Assembly Elections 2026 Image Source : INDIA TV

Virudhunagar Assembly Election 2026: तमिलनाडु की विरुधुनगर विधानसभा सीट राज्य की महत्वपूर्ण और राजनीतिक रूप से सक्रिय सीटों में गिनी जाती है। यह इलाका अपने व्यापारिक महत्व और राजनीतिक जागरूकता के लिए जाना जाता है। खासकर शिवकाशी क्षेत्र के कारण यहां का नाम पूरे देश में प्रसिद्ध है, जहां पटाखा और माचिस उद्योग बड़े पैमाने पर है। यही वजह है कि यहां के चुनावों में आर्थिक  और रोजगार जैसे मुद्दे केंद्र में रहते हैं।

2026 में रोचक मुकाबले के आसार

2026 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर मुकाबला काफी रोचक होता जा रहा है। इस बार चुनाव बहुकोणीय है, जिसमें कई पार्टियां अपनी किस्मत आजमा रही हैं। विजय प्रभाकरन (DMDK) से तो वीजी गणेशन (AIADMK) से,  एसपी सेल्वम (TVK) से तो लक्ष्मणन (NTK) से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। विरुधुनगर सीट का राजनीतिक इतिहास देखें तो यहां DMK और AIADMK का लंबे समय तक दबदबा रहा है। DMDK और NTK जैसे दल भी इस बार यहां ताल ठोकते हुए नजर आ रहे हैं।

किन मुद्दों की है चर्चा?

इस बार के चुनाव में कई अहम मुद्दे मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं। स्थानीय उद्योगों की स्थिति, खासकर शिवकाशी का पटाखा उद्योग, रोजगार के अवसर, बुनियादी ढांचे का विकास, पानी की समस्या और युवाओं के लिए रोजगार जैसे विषय प्रमुख हैं। इसके अलावा जातीय समीकरण और क्षेत्रीय पहचान भी चुनावी परिणामों पर असर डाल सकते हैं। कुल मिलाकर, विरुधुनगर विधानसभा सीट पर 2026 का चुनाव बेहद दिलचस्प और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कैसी है सामाजिक संरचना?

मतदाताओं के रुझान को देखें तो यहां के व्यापारी और उद्यमी ऐसी नीतियों को प्राथमिकता देते हैं जो व्यापार को बढ़ावा दे और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराए। यहां के मतदाताओं में मुख्य रूप से व्यापारी, औद्योगिक मजदूर, छोटे कारोबारी और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं। सामाजिक संरचना में नादर, नायडू, अनुसूचित जातियां (SC) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के समुदाय शामिल हैं।

DMK का रहा है दबदबा

द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) फिलहाल यहां अपनी पिछली जीत को बरकरार रखने की कोशिश में है, जबकि DMDK, TVK और NTK जैसी पार्टियां इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत लगा रही हैं। ऐसे में यह सीट राजनीतिक लिहाज से बेहद अहम साबित हो सकती है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सभी 234 सीटों पर मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा और वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत