1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. MVA की मीटिंग में क्यों नहीं पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता? अबू आजमी ने बताई ये बड़ी वजह

MVA की मीटिंग में क्यों नहीं पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता? अबू आजमी ने बताई ये बड़ी वजह

 Reported By: Saket Rai Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 16, 2024 04:52 pm IST,  Updated : Aug 16, 2024 04:52 pm IST

महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता अबू आजमी ने कहा कि उनके दल ने विधानसभा चुनावों के लिए 12 सीटों की मांग की है और अखिलेश यादव ने लिस्ट राहुल गांधी एवं केसी वेणुगोपाल को दे दी है।

Samajwadi Party, Samajwadi Party Abu Azmi, Samajwadi Party MVA- India TV Hindi
समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी। Image Source : PTI FILE

मुंबई: महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई महा विकास अघाड़ी की मीटिंग में समाजवादी पार्टी का कोई भी नुमाइंदा मौजूद नहीं था। इस बारे में जब सपा नेता अबू आसिम आजमी से पूछा गया कि आखिर उनके दल से कोई भी मीटिंग में शामिल क्यों नहीं हुआ तो उन्होंने कहा कि उन्हें बैठक की जानकारी ही आखिरी समय में दी गई थी। आजमी ने कहा कि इस मामले में कोऑर्डिनेशन की कमी दिखाई दी और नेताओं की तरफ से मिसमैनेजमेंट किया गया। महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी ने MVA गठबंधन के तहत 12 विधनसभा सीटों की मांग की है।

‘राहुल और वेणुगोपाल को लिस्ट दे दी गई है’

महा विकास अघाड़ी की बैठक में शामिल न हो पाने पर आजमी ने कहा, ‘ऐसा है कि कल शाम को ही मुझे फोन आया। उन्होंने हमें पहले बताया नहीं। अगर मुझे और रईस शेख को आना है, और हमारे लोगों को लाना है, और अगर आपको मीटिंग करनी भी है तो आप सबसे पहले सीट का बंटवारा तो करिए। आप केवल बुला लेते हैं। हम चुनाव लड़ेंगे, कौन कहां से लड़ेगा ये तो बताइए। हमने 12 सीटों की मांग की है। हमारे नेता अखिलेश यादव ने राहुल गांधी और वेणुगोपाल को लिस्ट दे दी है।’

‘अलग-अलग लड़ेंगे तो पहले जैसी हालत होगी’

अबू आजमी ने उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे आगामी उपचुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच चल रही अनबन पर भी बात की। आजमी ने अनबन का चुनावों पर असर पड़ने की बात पर कहा, ‘अगर आपस में कोऑर्डिनेशन नहीं होता है और सब अपने आप को मजबूत समझेंगे तो वही होगा जो पहले हुआ था। जिसकी जहां ताकत है आप वहां लड़िए। अगर अलग-अलग लड़ेंगे तो फिर पहले जैसी हालत होगी।’ बता दें कि यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन का बीजेपी को लोकसभा चुनावों में काफी नुकसान हुआ था।

AIMIM के MVA में आने को लेकर भी बोले आजमी

यह पूछे जाने पर कि षणमुखानंद हॉल में हुई मीटिंग का ऐलान तो पहले ही हो गया था फिर आपको इतना लेट क्यों बताया गया, आजमी ने कहा, ‘अब यह बात तो आप उन लोगों से पूछिए। मुझे कल संजय राउत का फोन आया। मैं नाराज नहीं हूं लेकिन कहीं न कहीं मिसमैनेजमेंट और कोऑर्डिनेशन की कमी जरूर है।’ यह कहने पर कि AIMIM भी MVA के साथ आना चाहती है, अबू आजमी ने कहा, ‘मुझे लगता है इस मामले को लेकर मैं बहुत छोटा नेता हूं। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस तय कर ले।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत