1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी को अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन का निमंत्रण मिलेगा या नहीं, जानें देवेंद्र फडणवीस का जवाब

राहुल गांधी को अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन का निमंत्रण मिलेगा या नहीं, जानें देवेंद्र फडणवीस का जवाब

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 06, 2023 11:19 pm IST,  Updated : Jan 06, 2023 11:53 pm IST

भाजपा के वरिष्ठ नेता का यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राहुल पर हमला करने और एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार होने का ऐलान करने के एक दिन बाद आया है।

राहुल गांधी- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : PTI

भोपाल: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में दर्शन के लिए न्यौता दिया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता का यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राहुल पर हमला करने और एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार होने का ऐलान करने के एक दिन बाद आया है। शाह के बयान से जुड़े सवाल के जवाब में फडणवीस ने भोपाल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी को राम मंदिर में दर्शन के लिए बुलाया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है।

 केंद्रीय गृह मंत्री शाह के बृहस्पतिवार को त्रिपुरा के सबरूम में एक रैली को संबोधित करते हुए कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,500 किलोमीटर लंबी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘‘राहुल बाबा, सबरूम से सुनिये, एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो जायेगा।’’ फडणवीस यहां जल-संरक्षण पर राज्यों के मंत्रियों के प्रथम अखिल भारतीय वार्षिक सम्मेलन में भाग लेने आये हैं। 

 राम मंदिर जनवरी 2024 में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा : चंपत राय 

उधर,  श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने शुक्रवार को कहा कि मंदिर का निर्माण समय पर पूरा होगा और 2024 के जनवरी महीने में इसे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले त्रिपुरा के सबरूम में बृहस्पतिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘‘राहुल बाबा, सबरूम से सुन लीजिए कि एक जनवरी, 2024 को अयोध्या में एक विशाल राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा।’’ 

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और प्रबंधन के लिए गठित ट्रस्ट के पदाधिकारी राय ने कहा कि मंदिर का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है और यह 2024 में बनकर तैयार हो जाएगा। ट्रस्ट के सचिव राय ने  कहा, ‘‘अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है और 2023 के अंत तक मूल गर्भगृह का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने दिसंबर 2023 में मंदिर के निर्माण की समयसीमा तय की है और जनवरी, 2024 से इसे भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा।‘‘ 

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत