1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी में अमित शाह का यादव कार्ड, BJP के आम कार्यकर्ता के घर किया लंच

यूपी में अमित शाह का यादव कार्ड, BJP के आम कार्यकर्ता के घर किया लंच

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jul 30, 2017 11:40 pm IST,  Updated : Jul 30, 2017 11:42 pm IST

समाजवादी पार्टी (सपा) में इसके दो विधान परिषद सदस्यों के इस्तीफे को लेकर खलबली मचने के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज लखनऊ में पार्टी के एक यादव कार्यकर्ता के घर दोपहर का भोजन किया।

amit shah- India TV Hindi
amit shah

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) में इसके दो विधान परिषद सदस्यों के इस्तीफे को लेकर खलबली मचने के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज लखनऊ में पार्टी के एक यादव कार्यकर्ता के घर दोपहर का भोजन किया।

तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर आये शाह दौरे के दूसरे दिन गोमतीनगर के बड़ी जुगौली इलाके में सोनू यादव नामक भाजपा कार्यकर्ता के घर गये और भोजन किया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा ने भी भोजन किया।

यादव बिरादरी को सपा का मुख्य वोट बैंक माना जाता है। ऐसे में शाह द्वारा इस जाति के कार्यकर्ता के घर भोजन किये जाने को यादव वोट बैंक को भाजपा की तरफ लुभाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

सपा में नेतृत्व को लेकर दो खेमे होने का सीधा फायदा भाजपा को मिलता दिख रहा है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव जहां हाल में सम्पन्न राष्ट्रपति चुनाव में भाजपानीत राजग के प्रत्याशी रामनाथ कोविंद का खुला समर्थन कर चुके हैं, वहीं सपा विधायक शिवपाल यादव ने मीडिया से कहा था कि उन्होंने कोविंद को ही वोट दिया है। सपा के विधान परिषद सदस्य बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह तथा उच्च सदन में बसपा के सदस्य ठाकुर जयवीर सिंह ने कल सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

भाजपा को मुख्यमंत्री योगी, उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा, मंत्रियों स्वतंत्रदेव सिंह तथा मोहसिन रजा की प्रदेश विधानमण्डल के किसी सदन की सदस्यता के बारे में जल्द ही फैसला लेना है। ये मंत्री राज्य विधानमण्डल के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में विधान परिषद सदस्यों के इस्तीफे का घटनाक्रम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शाह तीन दिन के लखनऊ दौरे पर हैं। इस दौरान वह पार्टी के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। वह कल भाजपा को अपराजेय बनाने का आह्वान कर चुके हैं।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत