1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. भाजपा भूल जाए उत्तर प्रदेश में ‘73 प्लस’ सीट जीतने का मंसूबा: अखिलेश यादव

भाजपा भूल जाए उत्तर प्रदेश में ‘73 प्लस’ सीट जीतने का मंसूबा: अखिलेश यादव

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 13, 2018 04:32 pm IST,  Updated : Aug 13, 2018 04:34 pm IST

भाजपा को नसीहत देते हुए कहा वे कहते हैं कि 73 से ज्यादा सीटें जीतेंगे लेकिन उन्हें यह भूल जाना चाहिए और बात 70 प्लस की करनी चाहिए क्योंकि उपचुनाव में तीन सीटें तो वह हार ही चुके हैं।

समाजवादी पार्टी के...- India TV Hindi
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव में राज्य की 80 में से ‘73 से ज्यादा’ सीटें जीतने के भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दावे पर तंज कसते हुए आज कहा कि महागठबंधन की तैयारी मात्र से घबराये भगवा दल को यह मंसूबा भूल जाना चाहिये। अखिलेश ने मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरण के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि समाजवादी लोग लोकसभा चुनाव के लिये तैयार हैं और वह अपनी रणनीति अभी नहीं बताएंगे। उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा वे कहते हैं कि 73 से ज्यादा सीटें जीतेंगे लेकिन उन्हें यह भूल जाना चाहिए और बात 70 प्लस की करनी चाहिए क्योंकि उपचुनाव में तीन सीटें तो वह हार ही चुके हैं।

 महागठबंधन के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा ‘‘इस महागठबंधन के बारे में मीडिया में चर्चाएं जोरों पर है तो महागठबंधन होना लगभग तय है। जहां तक यूपी की बात है, तो गठबंधन यहां भी होगा। जो भाजपा ने बनाया था, वही हमने चोरी कर लिया और अब वही हम उस पर आजमा रहे हैं।’’ गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने हाल में चंदौली में आयोजित रैली में कहा था कि भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 में से 73 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी। यह आंकड़ा 73 से कम कतई नहीं होगा। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी अपना दल को कुल 73 सीटें मिली थीं। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश के लोगों ने देख लिया है कि भाजपा ने उन्हें कैसे धोखा दिया, राजनीतिक लाभ के लिये कैसे जातियों में उलझा दिया गया, कैसे धर्म के नाम पर नफरत फैलायी गयी। यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आने पर भाजपा नोटबंदी जैसी पुरानी बातें भूलकर रक्षा गलियारे जैसी नयी बातें कर रही है। आज जब आम सड़कें नहीं बन पा रही हैं और पुलों के लिये अनुमति नहीं मिल रही है तो आखिर यह गलियारा कब और कैसे बनेगा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह मेधावी छात्रों को लैपटॉप देकर प्रदेश की भाजपा सरकार को उसका वह वादा याद दिलाना चाहते हैं, जो उसने अपने चुनाव घोषणापत्र में किया था। हम जो लैपटॉप दे रहे हैं, यह कोई राजनीतिक स्टंट नहीं है। आज लैपटॉप हर बच्चे की जरूरत है, इसीलिये सपा सरकार ने अपने शासनकाल में लैपटॉप बांटा था। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत