1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. वामपंथ की तरह कांग्रेस, सपा भी अंतिम राजनीतिक पायदान पर खड़े: सीएम योगी

वामपंथ की तरह कांग्रेस, सपा भी अंतिम राजनीतिक पायदान पर खड़े: सीएम योगी

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 19, 2020 10:54 pm IST,  Updated : Jan 19, 2020 10:54 pm IST

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में वामपंथी दलों ने लोगों को गुमराह करने के लिए बहुत झूठ बोला और इस समय यही काम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल कर रहे हैं।

CM Yogi- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Source : PTI (FILE)

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि वामपंथ की तरह कांग्रेस सपा तथा अन्य विपक्षी दल भी अपने अस्तित्व की अंतिम पायदान पर हैं और जनता उन्हें भी दफन कर देगी। योगी ने यहां संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस कानून के खिलाफ हाल में हुए हिंसक प्रदर्शन को सपा, कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों ने वित्त पोषित किया था।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में वामपंथी दलों ने लोगों को गुमराह करने के लिए बहुत झूठ बोला और इस समय यही काम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि जिस तरह से देश की जनता ने वामपंथ के झूठ को समझते हुए हमेशा के लिए उन्हें दफन कर दिया था, उसी तर्ज पर ये दल भी अपने अंतिम राजनीतिक पायदान पर खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकता कानून से कांग्रेस को अपने पाप का पश्चाताप करने का मौका मिला था, लेकिन वह यहां भी चूक गई। इस कानून के समर्थन में हम सबको पोस्टकार्ड लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनन्दन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व बनता है कि हम सबको समझाएं की सीएए नागरिकता लेने का नहीं बल्कि देने का कानून है। भारत के किसी भी नागरिक के खिलाफ ये कानून नहीं है। ये उन घुसपैठियों के खिलाफ है, जो आतंकवाद, उग्रवाद और अलगाववाद पैदा करते हैं। योगी ने कहा कि कानून के विषय में दुष्प्रचार और आगजनी करके देश का चीरहरण किया जा रहा है। ये सब महिलाओं को आगे करके किया जा रहा है। हम इस माहौल में मौन नहीं रह सकते। जनजन तक हम इसे लेकर जाएं, यह हमारा संवैधानिक दायित्व है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत