1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. लखीमपुर खीरी मामला: पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देगी चन्नी और बघेल सरकार

लखीमपुर खीरी मामला: पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देगी चन्नी और बघेल सरकार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 06, 2021 02:54 pm IST,  Updated : Oct 06, 2021 03:01 pm IST

पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी-अपनी तरह से लखीमपुर खीरी में हुई घटना में मारे गए किसानों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की लखनऊ पहुंचने के बाद पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी-अपनी तरह से लखीमपुर खीरी में हुई घटना में मारे गए किसानों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिन किसानों की मौत हुई है पत्रकार समेत प्रत्येक के परिवार को हम पंजाब सरकार की तरफ से 50 लाख रुपये देंगे।

उन्होंने आगे कहा, "मैं आज राहुल गांधी के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचा हूं। घटनास्थल पर जाना है। किसानों और पत्रकारों को मार गिराया गया है। मुझे दुख है कि किस तरह योजना बनाकर हमला हुआ। किसानों को मारा जाएगा तो हम चुप नहीं बैठ सकते।"

चन्नी के बाद छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ पूरा हिंदुस्तान खड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़  सरकार की ओर से प्रत्येक पीड़ित किसानों के परिवार को 50 लाख रुपए और पीड़ित पत्रकार के परिवार को भी 50 लाख रुपये दिए जाएंगे।

एयरपोर्ट पर धरने पर बैठे राहुल गांधी

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लखनऊ पहुंचने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर धरने पर बैठे हुए हैं। दरअसल राहुल अपनी गाड़ियों से लखीमपुर खीरी जाने के लिए अड़ गए हैं जबकि पुलिस और प्रशासन उन्हें अपनी गाड़ियों के जरिए ले जाना चाहता है।

मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि हमें अपनी गाड़ी में लखीमपुर खीरी जाना है लेकिन ये (पुलिस) चाहते हैं कि हम इनके साथ इनकी गाड़ी में जाए। इसका मतलब है कि ये कुछ न कुछ बदमाशी कर रहे हैं इसलिए हम लोग यहां बैठे हुए हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि हमें अपनी गाड़ी में लखीमपुर खीरी जाना है। ये चाहते हैं कि हम इनके साथ इनकी गाड़ी में जाएं। देश का नागरिक हूं आप मुझे क्यों नहीं जाने दे रहे हैं? पहले इन्होंने कहा कि आप अपनी गाड़ी में जा सकते हैं, अब बोल रहे हैं कि आप पुलिस की गाड़ी में जाएंगे।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत