नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में कोविड-19 से संक्रमित एक व्यक्ति की मंगलवार को मौत हो गई और इसके साथ ही जिले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़ कर तीन हो गई है। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल वाई ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सेक्टर 19 के रहने वाले एक 60 वर्षीय व्यक्ति कोविड-19 से संक्रमित थे। उन्हें उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
Related Stories
जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जिले में कोविड-19 संक्रमित तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पूर्व सेक्टर 22 में रहने वाले एक 60 वर्षीय व्यक्ति तथा सेक्टर 66 में रहने वाले एक 65 वर्षीय व्यक्ति की संक्रमण से मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जिले में अबतक कुल 224 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिनमें 135 लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचार के दौरान ठीक हो कर घर जा चुके हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 87 मरीजों का यहां के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। जबकि 452 लोगों को पृथक-वास में रखा गया है।