1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी से सामने आया हैरान करने वाला मामला, बेहोश मरीज को स्वास्थ्य केंद्र के अंदर छोड़ घर चले गए कर्मचारी

यूपी से सामने आया हैरान करने वाला मामला, बेहोश मरीज को स्वास्थ्य केंद्र के अंदर छोड़ घर चले गए कर्मचारी

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 22, 2019 04:02 pm IST,  Updated : Jun 22, 2019 04:02 pm IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी अपनी ड्यूटी खत्म होने पर केंद्र का ताला लगाकर घर चले गए, जबकि अंदर बेहोशी की हालत में एक महिला मरीज भर्ती थी।

patient- India TV Hindi
बेहोश महिला को स्वास्थ्य केंद्र के अंदर छोड़ घर चले गए कर्मचारी (प्रतिकात्मक तस्वीर) Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी अपनी ड्यूटी खत्म होने पर केंद्र का ताला लगाकर घर चले गए, जबकि अंदर बेहोशी की हालत में एक महिला मरीज भर्ती थी।

मामला सामने आने पर चतुर्थ श्रेणी के एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है और चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य फार्मासिस्ट सहित चार अन्य अधिकारियों को बदल दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के फलावदा गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र में सोनिया नाम की 30 वर्षीय महिला बेहोशी की हालत में भर्ती थी। जब वह रोगी कक्ष में एक बिस्तर पर बेहोश पड़ी थी तो एक डॉक्टर सहित अन्य कर्मचारी दोपहर बाद ड्यूटी खत्म होने पर केंद्र का ताला लगाकर घर चले गए।

कुछ घंटे बाद महिला को होश आया तो उसने खुद को केंद्र के भीतर बंद पाया। इसके बाद वह मदद के लिए चिल्लाने लगी। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को बाहर निकाला। घटना के बाद लोगों का आक्रोश बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी एस मिश्रा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि चतुर्थ श्रेणी के एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित कुमार और मुख्य फार्मासिस्ट प्रवीण कुमार सहित चार अन्य अधिकारियों को बदल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी के ओझा के नेतृत्व में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच समिति से तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, स्थानीय लोगों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

Latest Uttar Pradesh News

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत