1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. अखिलेश ने किया अपने पिता पर हमला कराने वाली पार्टी से गठबंधन: PM मोदी

अखिलेश ने किया अपने पिता पर हमला कराने वाली पार्टी से गठबंधन: PM मोदी

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 15, 2017 04:25 pm IST,  Updated : Feb 15, 2017 04:26 pm IST

कन्नौज: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बसपा के साथ भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए आज कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कुर्सी के मोह में अपने पिता

pm modi- India TV Hindi
pm modi

कन्नौज: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बसपा के साथ भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए आज कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कुर्सी के मोह में अपने पिता मुलायम सिंह यादव की हत्या की कोशिश करने वाली कांग्रेस से गठबंधन की शर्मनाक हरकत की है। मोदी ने यहां परिवर्तन संकल्प रैली को सम्बोधित करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश में राजनीति के मंच पर एक नयी फिल्म चल रही है। इंटरवल से पहले दोनों (सपा और कांग्रेस) लड़ रहे थे। (कांग्रेस) 27 साल यूपी बेहाल के नारे लगाकर यात्रा निकाल रहे थे, मगर इंटरवल के बाद दोनों एकजुट हो गये।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन की घोषणा के बाद हुई पहली पत्रकार वार्ता में अखिलेश ने तो मायावती के खिलाफ बयान दिया लेकिन कांग्रेस (उपाध्यक्ष राहुल गांधी) से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें मायावती के खिलाफ कुछ नहीं कहना है।

मोदी ने कहा, अखिलेश को अभी कम अनुभव है। वह नहीं जानते कि कांग्रेस के लोग कितने चतुर हैं। इस चुनाव में तीन पैर वाली दौड़ चल रही है, एक पैर सपा का है, सपा का दूसरा पैर कांग्रेस के एक पैर से बंधा है और कांग्रेस का दूसरा पैर बसपा के पैर से बंधा है। अखिलेश आप अपने पिता मुलायम सिंह जी की बात से भले ही सहमत नहीं हैं, लेकिन लिख लो कि कांग्रेस ने एक पैर बसपा से जोड़कर रखा है।

उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन के औचित्य पर सवाल करते हुए कहा कि मुलायम वर्ष 1984 में जब विधान परिषद में विपक्ष के नेता थे, तब उनके द्वारा कड़े विरोध से तंग आकर कांग्रेस ने चार मार्च 1984 को मुलायम पर गोलियां चलवायी थीं मगर वह बच गये थे। मैं अखिलेश से कहना चाहता हूं कि वह कांग्रेस की गोद में बैठने से पहले चार मार्च 1984 की घटना को याद कर लेते।

मोदी ने कहा, कोई ऐसा भी बेटा होता है जो कुर्सी के मोह में अपने बाप पर हमला कराने वाले लोगों की गोद में बैठकर राजनीति करे। इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है। ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं किया जा सकता। वर्ष 1984 में इटावा से लखनउ आ रहे मुलायम की कार पर कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलायी थीं। इस घटना में तत्कालीन कांग्रेस नेता बलराम सिंह यादव का नाम सामने आया था।

मोदी ने कहा कि यूपी को अंग्रेजी में अप लिखा जाता है, लेकिन आज इस प्रदेश में कुछ भी अप नजर नहीं आता, सब डाउन नजर आता है। आज विकास, कानून-व्यवस्था, माताओं बहनों की सुरक्षा, युवाओं का रोजगार, कारोबार, बिजली का उजाला, सड़क का हाल, स्वास्थ्य और शिक्षा का हाल डाउन है। अगर कुछ अप है तो वह है अपराध, भ्रष्टाचार, असुरक्षा, दंगा, मां बहनों पर अत्याचार, बेरोजगारी, गरीबी, बीमारी, शिशु मृत्यु, स्कूल छोड़ने वालों की संख्या, पलायन करने वालों की संख्या.... और अखिलेश कहते हैं कि काम बोलता है। यह काम बोलता है कि कारनामे बोलते हैं।ॉ

उन्होंने कन्नौज के आलू उत्पादक किसानों की नब्ज पकड़ते हुए कहा कि यहां का किसान आलू की खेती करता है। पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी की बहू :डिम्पल यादव: ने आलू के प्रसंस्करण के लिये कारखाना लगाने का वादा किया था। वह कारखाना नहीं लगा लेकिन वह चुनाव जीत गयीं। क्षेत्र की जनता उनसे हिसाब लेगी कि नहीं।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा, कांग्रेस में एक ऐसे नेता हैं, जो आपके पास वोट मांगने आये हैं। वह आलू की फैक्टरी लगाने की बात करते हैं। उन्होंने किसानों की यात्रा निकाली और भाषण किया। उन्हें इतना ज्ञान नहीं है कि आलू खेत में होता है, ना कि फैक्टरी में। कैसे लोग किसानों के नाम पर बातें करते हैं, यह उन्हें शोभा नहीं देता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बार अपने चुनाव घोषणापत्र में आलू, प्याज और लहसुन को सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने का वादा किया है। आलू के किसान को मरने नहीं दिया जाएगा। साथ ही छोटे किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। यह काम भाजपा की सरकार बनते ही सबसे पहले किया जाएगा।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत