1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. खराब काननू व्यवस्था के नाम पर प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार को घेरा, पलटकर पुलिस ने दिया ये जवाब

खराब काननू व्यवस्था के नाम पर प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार को घेरा, पलटकर पुलिस ने दिया ये जवाब

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 29, 2019 03:05 pm IST,  Updated : Jun 29, 2019 03:05 pm IST

उत्तर प्रदेश में खराब कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को राज्य की योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा।

Priyanka Gandhi- India TV Hindi
Priyanka Gandhi (File Photo) Image Source : PTI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खराब कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को राज्य की योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। प्रियंका ने अपने ट्वीट में कहा, ''पूरे उत्तर प्रदेश में अपराधी खुलेआम मनमानी करते घूम रहे हैं। एक के बाद एक अपराधिक घटनाएँ हो रही हैं। मगर प्रदेश की भाजपा सरकार के कान पर जूँ तक नहीं रेंग रही। क्या उत्तर प्रदेश सरकार ने अपराधियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।’’ 

प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में राज्य में हाल ही में हुई कुछ आपराधिक घटनाओं की अखबारों की कटिंग भी शेयर की हैं, जिनमें बदायूं में बंदूक की नोक पर तलाशी, अमेठी में फायरिंग और उन्नाव जेल में कैदियों द्वारा बंदूक लहराने जैसी 15 घटनाओं का जिक्र है। जिसके बाद उनके ट्वीट के जवाब में उप्र पुलिस ने कहा, ''गम्भीर अपराधों में यूपी पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है। पिछले 2 वर्षों में 9,225 अपराधी गिरफ़्तार हुए और 81 मारे गए हैं| रासुका में प्रभावी कार्रवाई कर लगभग 2 अरब की सम्पत्ति ज़ब्त की गई है, डकैती, हत्या, लूट एवं अपहरण जैसी घटनाओं में अप्रत्याशित कमी आई है।''

इस बारे में जब प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक से पत्रकारों ने पूछा तो उन्होंने कहा कि जबसे प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में आई है अपराधियों का नेटवर्क पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि ''प्रदेश में अपराधियों का नेटवर्क पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। हमारी सरकार अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है । जो इक्का दुक्का घटनायें हो रही है वह आपसी रंजिश के कारण हो रही है और ऐसे मामलो में पुलिस तुरंत कार्रवाई कर रही है।''  इससे पहले समाजवादी पार्टी ने भी प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया था।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत