1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. "जब तक दम है, तब तक लड़ूंगी", मेरठ किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका गांधी

"जब तक दम है, तब तक लड़ूंगी", मेरठ किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका गांधी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 07, 2021 05:50 pm IST,  Updated : Mar 07, 2021 05:50 pm IST

केंद्र के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को किसानों से दिल्ली सीमा की तरह प्रत्येक गांव में आंदोलन करने का आह्वान किया। इस दौरान प्रियंका के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत अन्य नेता मौजूद थे।

"जब तक दम है, तब तक लड़ूंगी", मेरठ किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका गांधी- India TV Hindi
"जब तक दम है, तब तक लड़ूंगी", मेरठ किसान महापंचायत में बोलीं प्रियंका गांधी Image Source : UP CONGRESS

मेरठ (उत्तर प्रदेश): केंद्र के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को किसानों से दिल्ली सीमा की तरह प्रत्येक गांव में आंदोलन करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से कहा कि ‘‘जब जब आप संकट में होंगे, कांग्रेस आपके साथ खड़ी होगी, आपकी लड़ाई मेरी लड़ाई है और जब तक मुझमें दम है, मैं आपके साथ लड़ूंगी।’’ 

उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार को कांग्रेस की ओर से इस किसान महापंचायत का आयोजन किया गया था। प्रियंका ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि अंग्रेजों की तरह भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरठ की धरती है। यहीं से स्वतंत्रता संग्राम का पहला विद्रोह शुरू हुआ था। उस आजादी की लड़ाई में किसान शामिल रहे। हजारों किसान आंदोलन में जुटे। बहुत से लोग शहीद हुए। अंग्रेजी साम्राज्य किसानों को परेशान कर रहा था।’’ 

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भाजपा की सरकार भी किसानों का शोषण कर रही है। ये ऐसे कानून हैं जिनसे आपकी कमाई ठीक से नही मिल पाएगी। ये कृषि कानून बड़े उद्योगपतियों को लाभ देंगे। तीनों कृषि कानून में एक तरफ खरबपति और दूसरी तरफ आप, तो आपको क्या लाभ मिलेगा ।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि इन कानूनों को बनाने से पहले किसी किसान से नहीं पूछा गया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के सौ दिन पूरे हो गए हैं और अगर कानून कृषकों के लिये बने हैं तो किसान दिल्ली की सीमा पर क्यों बैठे हैं। 

प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘किसानों ने इस देश को आजादी दिलाई। किसान में हिम्मत की कमी नहीं है, आत्मशक्ति की कमी नहीं है। अगर किसान सीमा पर बैठे हैं, तो क्या प्रधानमंत्री को उनका आदर नही करना चाहिए। पानी काटा गया, बिजली काटी गई ।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका, पाकिस्तान और चीन घूमकर आ गए लेकिन अपने यहां ही नही जा रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार बड़े बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही है और उनके केवल दो ही मित्र हैं। 

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘बिजली के दाम बढ़ गए, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गये । हर तरफ से आप पर वार है। इस स्थिति को बदलने के लिए खड़े रहना पड़ेगा।’’ प्रियंका ने जोर देकर कहा, ‘‘सरकार ने आपके लिये जो परिस्थितियां बनाई है, आपको भी यही परिस्थिति सरकार के लिये बनानी है ।’’ उन्होंने किसानों से कहा, ‘‘आपने कई वर्षो तक जुल्म सह लिए हैं। 215 किसान शहीद हुए। सरकार का एक भी सांसद, संसद में खड़ा नही हुआ। प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी ने आपका मजाक उड़ाया। किसानों को परजीवी कहा। आपको समझना पड़ेगा कि आपके पक्ष में है या हित में है। अब समय आ गया है आप जाग जायें।’’ 

प्रियंका ने इस दौरान उन किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा जिनकी आंदोलन के दौरान मौत हो गयी। इससे पहले प्रियंका गांधी वाद्रा के मेरठ पहुंचने पर रास्ते में दर्जनों स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी ट्रैक्टर में सवार होकर रैली स्थल तक पहुंचीं और क्षेत्र की जनता का अभिवादन किया। इस दौरान प्रियंका के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत अन्य नेता मौजूद थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा, "5 साल में मुख्यमंत्री ने किसानों को लेकर एक बैठक तक नहीं की। किसानों के हक की आवाज को विधानसभा में कांग्रेस पार्टी ने उठाया। किसानों के लिए सरकार ने पिछले साल के मुकाबले बजट को कम करने का काम किया। आज गन्ना किसानों के लिए सरकार ने बजट में 1 रुपये का भी प्रावधान करने का काम नहीं किया।"

अजय कुमार लल्लू ने कहा, "60 रुपये किलो इस सरकार ने किसानों को आलू का बीज दिया और इसके बाद किसान खुली मंडियों में आलू मात्र 12 से 13 रुपये में बेच रहा था। आज किसान लागत के सापेक्ष उससे भी कम मूल्य पर अपना आलू बेचने को मजबूर है। आज किसानों के साथ धोखा हो रहा है, किसान आत्महत्या कर रहा है और यह सरकार केवल झूठ और किसानों के साथ विश्वासघात करने का काम कर रही है।"

उन्होंने कहा, "प्रियंका गांधी जी उत्तर प्रदेश के आवाम की आवाज को उठाने का काम कर रही हैं। हम भरोसा और विश्वास दिलाते हैं कि जब तक आपकी लड़ाई की जीत नहीं होती तब तक आदरणीय प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी लड़ाई को जारी रखने का काम करेगी। हम आज आपके बीच में ये भरोसा और विश्वास दिलाते हैं कि किसान, नौजवान, गांव, गरीब की आवाज आदरणीय प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस उठाने का काम करेगी।"

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत