1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. राहुल-प्रियंका को ताज एक्सप्रेस-वे पर रोका गया, पैदल ही हाथरस की ओर बढ़ा काफिला

राहुल-प्रियंका को ताज एक्सप्रेस-वे पर रोका गया, पैदल ही हाथरस की ओर बढ़ा काफिला

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 01, 2020 02:09 pm IST,  Updated : Oct 01, 2020 02:22 pm IST

हाथरस पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के काफिले को ताज एक्सप्रेस-वे  पर रोक दिया गया जिसके बाद वे पैदल ही हाथरस की ओर बढ रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि अब वे पैदल ही हाथरस जाएंगी।

Rahul Gandhi, Priyanka gandhi- India TV Hindi
राहुल-प्रियंका के काफिले को यमुना एक्सप्रेस वे पर रोका गया, पैदल ही हाथरस की ओर बढ़ा काफिला Image Source : ANI\TWITTER

नई दिल्ली: हाथरस पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के काफिले को ताज एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया गया जिसके बाद वे पैदल ही हाथरस की ओर बढ रहे हैं। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने कहा कि अब वे लोग पैदल ही हाथरस तक जाएंगे। 

ताज एक्सप्रेस वे पर रोके जाने के बाद प्रियंका और राहुल पैदल ही हाथरस के लिये रवाना हो गये। जहां उन्हें रोका गया था, वहां से हाथरस की दूरी 142 किलोमीटर है। इस बीच, राज्य सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने राहुल और प्रियंका पर निशाना साधते हुए कहा, ''ये जो भाई—बहन दिल्ली से चले हैं, उन्हें राजस्थान जाना चाहिये था। जहां भी ऐसी घटना होती है, वह जघन्य अपराध होता है। राजस्थान में भी वारदात हुई थी, मगर कांग्रेस हाथरस की घटना पर गंदी राजनीति कर रही है।'' 

उधर, हाथरस जिलाधिकारी पी.के. लक्षकार ने बताया कि जिले में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है, जो आगामी 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गयी हैं। उन्होंने सभी से जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। 

गौरतलब है कि गत 14 सितंबर को हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय दलित लड़की से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था। लड़की को रीढ़ की हड्डी में चोट और जीभ कटने की वजह से पहले अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उसके बाद उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर देश भर में जगह—जगह प्रदर्शन किये गये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन करके इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने को कहा था। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिये विशेष जांच दल गठित किया है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत