1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. राज बब्बर के निशाने पर सीएम, कहा-योगी ने यूपी को बनाया रोगी

राज बब्बर के निशाने पर सीएम, कहा-योगी ने यूपी को बनाया रोगी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 05, 2017 09:21 pm IST,  Updated : Sep 05, 2017 09:21 pm IST

फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में 49 बच्चों की मौत पर योगी सरकार को घेरते हुए राज बब्बर ने जब से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर योगी बैठे हैं, उन्होंने प्रदेश को रोगी बना दिया है।

Raj Babbar- India TV Hindi
Raj Babbar

फर्रुखाबाद: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला। फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में 49 बच्चों की मौत पर योगी सरकार को घेरते हुए राज बब्बर ने जब से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर योगी बैठे हैं, उन्होंने प्रदेश को रोगी बना दिया है। मंगलवार को राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेस एक प्रतिनिधिमंडल लोहिया अस्पताल पहुंचा और मृत बच्चों के परिजनों के साथ-साथ डॉक्टरों से भी मिला। राज बब्बर ने मृत बच्चों के परिजनों को मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत के दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। 

इससे पहले लोहिया अस्पताल पहुंचे राज बब्बर ने डॉ. अखिलेश अग्रवाल व डॉ. कैलाश से बातचीत की। अस्पताल में डाक्टरों की कमी पर योगी सरकार को घेरते हुए राज बब्बर ने कहा कि जहां लगभग 35 चिकित्सक होने चाहिए, वहां मात्र 11 चिकित्सक अस्पताल में हैं। दो उधार के चिकित्सक बाहर से आते हैं। ऐसे में हालात कैसे सुधरेंगे, मरीजों की जान कैसे बचेगी? योगी सरकार ध्यान क्यों नहीं दे रही है? अस्पताल के दौरे के बाद बढ़पुर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर कई वार किए। राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों की हालत खराब है। प्रदेश की जनता ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन जब से प्रदेश की कुर्सी पर योगी बैठे हैं, उन्होंने प्रदेश को रोगी बना दिया है। 

उन्होंने कहा, "सीएम योगी ने कसम खा ली है कि वह प्रदेश को रोगी बनाकर ही दम लेंगे। पहले गोरखपुर और फिर फरु खाबाद, इतने बच्चों की मौत के बाद भी संत योगी की संवेदना नहीं जागी। भाजपा को चाहिए कि वह योगी को हटाकर किसी और को लेकर आए जो हालत ठीक कर सके।" वहीं, सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि बच्चों की मौत नहीं, जनसंहार हुआ है। प्रदेश के लोग ऐसी घटनाओं को कभी भूल नहीं पाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में राज बब्बर के अलावा सांसद प्रमोद तिवारी, सांसद संजय सिंह, विधायक आराधना मिश्रा, एमएलसी दीपक सिंह, प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष प्रतिमा सिंह और पूर्व विधायक लुइस खुर्शीद शामिल रहीं। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत