1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़ा जाना एक विचारधारा को खत्म करने का प्रयास: राजबब्बर

राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़ा जाना एक विचारधारा को खत्म करने का प्रयास: राजबब्बर

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 05, 2017 04:10 pm IST,  Updated : Jun 05, 2017 04:10 pm IST

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज आवास विकास कॉलोनी के पार्क में धरना दिया।

raj babbar- India TV Hindi
raj babbar

मिर्जापुर: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज आवास विकास कॉलोनी के पार्क में धरना दिया।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह मूर्ति नहीं तोड़ी गयी है बल्कि एक विचारधारा को खत्म करने का प्रयास है। सहारनपुर से लेकर मिर्जापुर तक मूर्तियां तोड़ा जाना यह प्रदर्शित करता है कि देश और प्रदेश में ऐसी सरकार है जो अपनी विचारधारा के आगे किसी को बर्दाश्त नहीं करती है।

उन्होंने कहा कि जहां राजीव गांधी की मूर्ति तोड़ी गयी है वहां यह लिखा होना कि हम इनको पाकिस्तान भेज रहे है, यह प्रदर्शित करता है कि मूर्ति तोड़ने के पीछे किन लोगों का हाथ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस दिन प्रदेश के मुखिया ने जिले का मुआयना किया उसी रात मूर्ति तोड़ी गयी। क्या इसी कानून के राज की बात मुख्यमंत्री करते है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति दिन प्रति दिन खराब होती जा रही है।

धरने के बाद राजबब्बर ने पत्रकारों से कहा कि आज दुनिया में भारत की जिस तकनीक की प्रशंसा हो रही है उसकी शुरूआत राजीव गांधी ने ही की थी। जिस मोबाइल को प्रधानमंत्री आज बटुआ बनाने की बात कर रहे है उसकी शुरूआत भी राजीव ने की थी और आज उसी पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा तोड़ी जा रही है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने 48 घंटे के अंदर मूर्ति तोड़ने वाले अपराधियों को पकड़ने का दावा किया है, यह कल सुबह 10 बजे समाप्ति हो रही है। यदि कल सुबह 10 बजे तक अपराधियों को नही पकड़ा जाता है तो कांग्रेस पूरे राज्य में आंदोलन चलायेगी और जरूरत पड़ी तो राष्ट्रीय स्तर पर भी आंदोलन चलाया जायेगा।

पत्रकार वार्ता में मौजूद कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने वायदा किया कि जिस पार्क में मूर्ति तोड़ी गयी है उसके विकास के लिए वह अपने सांसद कोष से 10 लाख रूपये देंगे।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत