1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के चलते कक्षा आठ तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के चलते कक्षा आठ तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 02, 2021 04:11 pm IST,  Updated : Apr 02, 2021 04:11 pm IST

उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के चलते कक्षा एक से कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय एवं निजी विद्यालयों को 11 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिये हैं।

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के चलते कक्षा आठ तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के चलते कक्षा आठ तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद Image Source : PTI FILE PHOTO

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के चलते कक्षा एक से कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय एवं निजी विद्यालयों को 11 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिये हैं। इस अवधि में इन विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य बंद रहेगा, जबकि शिक्षक प्रशासनिक कार्यों के लिए स्कूल आते रहेंगे। इससे पहले राज्य सरकार ने 31 मार्च तक के लिए कक्षा आठ तक के स्‍कूल बंद कर दिये थे।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को अपने पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर समीक्षा बैठक के दौरान ताजा निर्देश जारी किये। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कक्षा आठ तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिये हैं।

योगी ने कहा कि त्योहारों तथा पंचायत चुनाव के दृष्टिगत बाहर के राज्यों से लोग वापस उत्तर प्रदेश आ रहे हैं, ऐसे में गांवों में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने लखनऊ, कानपुर नगर, मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, आगरा में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि इन जिलों में एल-2, एल-3 बेडों की संख्या बढ़ाई जाए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिदिन नियमित तौर पर सुबह कोविड-19 चिकित्सालय में तथा शाम को इन्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर में बैठक करके स्थिति की समीक्षा तथा आगे की रणनीति तय करने के निर्देश दिए। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत