1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. लोकसभा चुनाव: सपा और बसपा कल करेंगी साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस, गठबंधन का हो सकता है एलान

लोकसभा चुनाव: सपा और बसपा कल करेंगी साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस, गठबंधन का हो सकता है एलान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 11, 2019 09:26 am IST,  Updated : Jan 11, 2019 10:06 am IST

उत्तर प्रदेश का किला फतह करने के लिए बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी शनिवार को अपने गठबंधन का एलान कर सकती हैं। दोनों पार्टियां कल दोपहर 12 बजे एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है।

SP BSP- India TV Hindi
SP BSP
उत्‍तर प्रदेश का किला फतह करने के लिए बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी शनिवार को अपने गठबंधन का एलान कर सकती हैं। दोनों पार्टियां कल दोपहर 12 बजे एक साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस करने जा रही है। माना जा रहा है कि बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव यूपी में सीटों के बंटवारे के साथ ही गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। इससे पहले पिछले हफ्ते ही दोनों नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई है। 
 
पिछले लोकसभा चुनावों में बुरी तरह मात खाने के बाद इस बार दोनों पार्टियां एक साथ मिलकर भाजपा से मुकाबला करेंगी। पिछले चुनावों में यूपी की 80 सीटों में से भाजपा को 71 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं मायावती की पार्टी खाता भी नहीं खोल सकी थी। ऐसे में इस चुनावों में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए दोनों पार्टियों ने हाथ मिला लिया है। लेकिन यह गठबंधन विपक्ष के महागठबंधन का हिस्‍सा होगा कि नहीं यह साफ नहीं है। 
 
SP BSP
SP BSP

गठबंधन से कांग्रेस बाहर! 

 
मीडिया को प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के लिए जो आमंत्रण मिला है उसमें दोनों पार्टियों के अध्‍यक्षों मायावती और अखिलेश यादव का नाम है। प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के निमंत्रण में दोनों पार्टियों के महासचिवों के हस्‍ताक्षर है। लेकिन इसमें कांग्रेस का कोई जिक्र नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस इस गठबंधन में शामिल नहीं होगी। 
 

ये है फॉर्मूला

 
यूपी में लोकसभा की 80 सीटें हैं। पिछले लोकसभा चुनावों में यूपी से बीजेपी को 71 सीटें मिली थीं। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और अखिलेश यादव के बीच घंटों तक चली बैठक के बाद सीटों का फॉर्मूला तय हुआ। मायावती के दिल्ली आवास त्याग राज मार्ग पर हुई बैठक में तय हुआ है कि सपा और बसपा 37-37 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। दो सीटें राष्ट्रीय लोक दल के लिए (संभावित रूप से अजीत सिंह और जयंत चौधरी) के लिए छोड़ी जा सकती हैं।
 

गठबंधन में कांग्रेस को बस 2 सीटें 

 
इस गठबंधन में कांग्रेस के लिए कोई स्‍थान नहीं रखा गया है। कांग्रेस को सिर्फ दो सीटें दी गई हैं, 2 सीटें अमेठी और रायबरेली राहुल और सोनिया गांधी के लिए छोड़ी जा सकती हैं।2 सीटें महागठबंधन के अन्य साथियों (संभावित रूप से ओमप्रकाश राजभर की पार्टी) के लिए छोड़ी जा सकती हैं। महागठबंधन के लिए अन्य साथियों के नहीं साथ आने की स्थिति में 1-1 सीटें सपा और बसपा आपस में बांट लेंगी।
 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत