1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. मेरठ में राहुल-अखिलेश की रैली, कहा-'यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन की आंधी'

मेरठ में राहुल-अखिलेश की रैली, कहा-'यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन की आंधी'

 Written By: IANS
 Published : Feb 07, 2017 09:39 pm IST,  Updated : Feb 07, 2017 09:39 pm IST

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को मेरठ के नौचंदी मैदान में संयुक्त रूप से जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि उप्र में जैसे ही सपा-कांग्रेस का गठबंधन हुआ, प्रदेश में आंधी आ गई।

Rahul-Akhilesh- India TV Hindi
Rahul-Akhilesh Image Source : PTI

मेरठ: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को मेरठ के नौचंदी मैदान में संयुक्त रूप से जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि उप्र में जैसे ही सपा-कांग्रेस का गठबंधन हुआ, प्रदेश में आंधी आ गई। हवा तेजी से चलने लगी। इससे पता चलता है कि उप्र में गठबंधन की आंधी चल रही है। उन्होंने कहा, "कुछ समय पहले अखिलेश और मैंने एक गठबंधन खड़ा किया। जैसे ही हमने हाथ मिलाया। एक सेकेंड के बाद आंधी आ गई। यह आंधी प्रधानमंत्री मोदी को, भाजपा को, मायावती को हराने का काम करेगी।"

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें) 

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, "मेरठ क्रांतिकारियों का शहर है। शहर ने अंग्रेजों को सबक सिखाया था। आपने कंपनी राज को हराया था। आज भी मोदी नए तरीके का कंपनी राज ला रहे हैं। उप्र के किसानों को पैसा नहीं मिला। कर्जा माफ नहीं किया। जो यहां बैट बनाते हैं, उनके साथ न्याय नहीं हुआ।"

राहुल ने कहा, "केंद्र सरकार ने जब आपको लाइन में खड़ा किया, उसमें कोई अमीर व्यक्ति नहीं था। कोई सूट-बूट वाला नहीं था। 50 परिवारों को हिंदुस्तान का 60 प्रतिशत धन दिलवा दिया। प्रधानमंत्री ने कहा था कि दो करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा, लेकिन किसी को नहीं दिया। प्रधानमंत्री ने अच्छे दिन नहीं दिए। जब हमारी सरकार आएगी तब हम लाखों युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए कम दरों पर कर्ज देंगे।" 

साइकिल के हैंडल पर हाथ का साथ: अखिलेश

इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि अब साइकिल के हैंडल पर हाथ का साथ है तो ऐसे में साइकिल पहले के मुकाबले और तेजी से आगे बढ़ेगी। नोटबंदी पर अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "भाजपा ने लोगों को लाइन में लगा दिया। लोगों को परेशानी में डाल दिया। अब तो सभी पुराने नोट बैंक में जमा हो गए हैं। अब तो भाजपा वाले कम से कम 15 लाख नहीं तो 15 हजार रुपये ही खाते में डलवा दे।"

अखिलेश ने कहा कि जो लोग आंधी और हवाओं की बात करते हैं, वे लोग जान जाएं कि इस बार आंधी सपा-कांग्रेस के पक्ष में चल रही है। उन्होंने कहा, "बुनकर भाइयों की मदद समाजवादियों ने की है। बिजली से लेकर कारोबार तक, सभी चीजों की मदद समाजवादियों ने की है।"

अखिलेश ने कहा, "समाजवादी पार्टी की एंबुलेंस चल रही है। फोन करने पर तुरंत एंबुलेंस पहुंच जाती है। कानून-व्यवस्था को बेहतर करने के लिए पुलिस का 100 नंबर भी शुरू किया है। इससे जो भी तकलीफ में है, एक फोन पर पुलिस और एंबुलेंस की सेवा ले सकता है।" स्मार्ट सिटी पर उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने ही मेरठ का नाम स्मार्ट सिटी के लिए आगे बढ़ाया। लखनऊ के अलावा मेरठ में मेट्रो चलाई जाएगी।"

अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, "मेरठ में पीएम स्कैम से बचाने के लिए कह गए थे। उन्होंने इसमें एस से सपा, सी से कांग्रेस, ए से अखिलेश और एम से मायावती का नाम लिया था। मैंने कहा कि पीएम मोदी ने बुआ का नाम क्यों जोड़ लिया। क्या वे रक्षाबंधन को भूल गए। भाजपा ने तीन बार बसपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है।"

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत