1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. "आपका लड़का किडनैप हो चुका है", फिरौती के लिए धमकाती महिला के वायरल ऑडियो की क्या है सच्चाई?

"आपका लड़का किडनैप हो चुका है", फिरौती के लिए धमकाती महिला के वायरल ऑडियो की क्या है सच्चाई?

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 25, 2020 10:46 am IST,  Updated : Jul 25, 2020 12:00 pm IST

उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक बच्चे के अपहरण का मामले सामने आया है। बच्चे को अपहरणकर्ताओं की कैद से छुड़ा लिया गया है।

"आपका लड़का किडनैप हो चुका है", फिरौती के लिए धमकाती महिला के वायरल ऑडियो की क्या है सच्चाई?- India TV Hindi
"आपका लड़का किडनैप हो चुका है", फिरौती के लिए धमकाती महिला के वायरल ऑडियो की क्या है सच्चाई? Image Source : PIXABAY

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक बच्चे के अपहरण का मामले सामने आया है। बच्चे को अपहरणकर्ताओं की कैद से छुड़ा लिया गया है। लेकिन, एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसके बारे में सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह ऑडियो बच्चे के अपहरण के बाद फिरौती के लिए की गई फोन कॉल का है। हालांकि, अभी तक इस ऑडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं हुई है। दावा किया जा रहा है कि ऑडियो में अपहरणकर्ता महिला बच्चे के रिश्तेदार को फिरौती के लिए धमका रही है। ऑडियो में महिला विकास दुबे प्रकरण से सीखने के लिए बोल रही थी।

वायरल ऑडियो की बातचीत

  • अपहरणकर्ता महिला- हैलो..
  • बच्चे का रिश्तेदार- जी..
  • अपहरणकर्ता महिला- आवाज न आ रही हो तो बताएं?
  • बच्चे का रिश्तेदार- जी बताइए, आवाज आ रही है आपकी।
  • अपहरणकर्ता महिला- हां तो, आपका लड़का किडनैप हो चुका है।
  • बच्चे का रिश्तेदार- अच्छा, तो क्या करना पड़ेगा?
  • अपहरणकर्ता महिला- चार करोड़ की व्यवस्था करो, हम शाम को फोन करेंगे। और, हां या न में जवाब दे देना। ज्यादा दिमाग लगाने की कोशिश की तो, अभी तो ठीक है, और जो भी करने की कोशिश करोगे वो हमें सब पता चल जाएगा।
  • बच्चे का रिश्तेदार- जैसा आप कहेंगे, वैसा हम करेंगे।
  • अपहरणकर्ता महिला- कानपुर वाला मैटर तो आपने सुना ही होगा?
  • बच्चे का रिश्तेदार- कौन कानपुर वाला?
  • अपहरणकर्ता महिला- विकास दुबे वाला मैटर आपको पता ही है कि पुलिस किसका कितना साथ दे रही है।
  • बच्चे का रिश्तेदार- नहीं, हम जान गए।
  • अपहरणकर्ता महिला- तो पुलिस तक जाने की आपको कोई जरूरत नहीं। जाने को आप जा सकते हो, मैं आपको मना नहीं कर रही।
  • बच्चे का रिश्तेदार- हमें हमारा लड़का चाहिए।
  • अपहरणकर्ता महिला- आपको आपका लड़का चाहिए तो हम 2-3 घंटे में आपको फोन करेंगे और जैसा होगा बताइएगा। हमको हां या न में जवाब चाहिए।
  • बच्चे का रिश्तेदार- जी, जी..
  • अपहरणकर्ता महिला- और, अगर आपने कुछ भी कदम उठाने की कोशिश की..... 
  • बच्चे का रिश्तेदार- नहीं, हम कोई कदम नहीं उठाएंगे।
  • अपहरणकर्ता महिला - जी, ठीक है।

बता दें कि मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए गोंडा पुलिस ने 6 साल के बच्चे के अपहरण के कुछ घंटे बाद ही उसे सकुशल अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया। मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। मामले में लोकल पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मिलकर काम किया। यह दोनों का जॉइंट ऑपरेशन था। अपहरणकर्ताओं ने बच्चे का अपहरण करने के बाद चार करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बच्चे को शुक्रवार शाम को किडनैप किया गया था। उसके बाद अपहरणकर्ताओं ने उसके परिवार से फिरौती मांगी।

लेकिन, पुलिस ने उनके नापाक इरादों को फेल कर दिया। पुलिस ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और फिर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को एक सीसीटीवी वीडियो हाथ लगा, जिसके जरिए पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई और वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर अपहरणकर्ताओं को धर दबोचा। पुलिस ने उनके चंगुल से बच्चे को भी छुड़ा लिया है। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बच्चे को सकुशल छुड़ाकर पुलिस ने उसे उसके परिवार को सौंप दिया है। बच्चे को उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रसांत कुमार ने उसके परिवार को सौंपा। बच्चे को सकुशल स्थिति में वापस पाकर उसके परिवार में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत