1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. उन्नाव कांड: चश्मदीद ने बताया-'युवती की हालत देखकर कोई नहीं जुटा सका मदद की हिम्मत'

उन्नाव कांड: चश्मदीद ने बताया-'युवती की हालत देखकर कोई नहीं जुटा सका मदद की हिम्मत'

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 05, 2019 10:08 pm IST,  Updated : Dec 05, 2019 10:08 pm IST

उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र में गम्भीर रूप से झुलसी कथित बलात्कार पीड़िता करीब एक किलोमीटर तक चलते हुए मदद की गुहार लगाती रही। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे रवीन्द्र नामक व्यक्ति ने संवाददाताओं को बताया कि उसने देखा कि गम्भीर रूप से जली हुई युवती मदद की गुहार लगाती हुई दौड़ती आ रही थी।

Unnao Rape Victim- India TV Hindi
Unnao Rape Victim Image Source : PTI

उन्नाव (उप्र): उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र में गम्भीर रूप से झुलसी कथित बलात्कार पीड़िता करीब एक किलोमीटर तक चलते हुए मदद की गुहार लगाती रही। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे रवीन्द्र नामक व्यक्ति ने संवाददाताओं को बताया कि उसने देखा कि गम्भीर रूप से जली हुई युवती मदद की गुहार लगाती हुई दौड़ती आ रही थी। इस तरह उसने लगभग एक किलोमीटर का सफर तय किया। रवीन्द्र ने बताया कि उसकी गम्भीर हालत को देखकर किसी ने भी उसकी मदद के लिये आगे आने की हिम्मत नहीं की। उन्हें खुद यह लगा कि यह कोई इंसान नहीं, बल्कि कोई शैतानी साया है। 

उन्होंने बताया कि युवती जब उनके करीब पहुंची तो वह भी घबरा गये लेकिन जल्द ही माजरा समझ में आ गया। इस पर उन्होंने पुलिस की 112 नम्बर सेवा पर फोन किया। युवती ने खुद पुलिस को आपबीती बतायी। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ ले गयी। मालूम हो कि उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय एक युवती ने शिवम और शुभम नामक युवकों पर 12 दिसम्बर 2018 को बलात्कार करने का मुकदमा दर्ज कराया था। 

युवती मुकदमे की पैरवी के सिलसिले में रायबरेली रवाना होने के लिये सुबह करीब चार बजे बैसवारा रेलवे स्टेशन जा रही थी। तभी रास्ते में बिहार—मौरांवा मार्ग पर शिवम और शुभम ने अपने साथियों की मदद से उस पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। करीब 90 फीसद तक जल चुकी उस लड़की को लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर हालत बेहद नाजुक होने की वजह से उसे देर शाम एयरलिफ्ट करके दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत