1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. अब शनिवार और रविवार को भी खुलेंगे बाजार? योगी के आदेश पर नई गाइडलाइन बनाने में जुटा गृह विभाग

अब शनिवार और रविवार को भी खुलेंगे बाजार? योगी के आदेश पर नई गाइडलाइन बनाने में जुटा गृह विभाग

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 11, 2021 03:49 pm IST,  Updated : Aug 11, 2021 03:49 pm IST

उत्तर प्रदेश के लोगों को दो दिन की साप्ताहिक बंदी से छुटकारा मिल सकता है। राज्य में कोरोना वायरस के मामलों में उल्‍लेखनीय कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दो दिवसीय साप्ताहिक बंद में आंशिक छूट पर विचार करने का निर्देश दिया।

Yogi Adityanath asks officials to consider partial relaxation in two-day weekly closure of markets- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश के लोगों को दो दिन की साप्ताहिक बंदी से छुटकारा मिल सकता है। Image Source : PTI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लोगों को दो दिन की साप्ताहिक बंदी से छुटकारा मिल सकता है। राज्य में कोरोना वायरस के मामलों में उल्‍लेखनीय कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दो दिवसीय साप्ताहिक बंद में आंशिक छूट पर विचार करने का निर्देश दिया और गृह विभाग को इस संबंध में विस्तृत गाइडलाइन पेश करने को कहा। बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया, ''प्रदेश में कोविड की नियंत्रित स्थिति को देखते हुए दो दिवसीय साप्ताहिक बंदी में आंशिक छूट दिए जाने पर विचार किया जा सकता है, इस संबंध में गृह विभाग विस्तृत गाइडलाइन प्रस्तुत करे। प्रत्येक स्थान पर प्रत्येक दशा में कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कराया जाए। कहीं भी अनावश्यक भीड़भाड़ न हो, पुलिस की गश्त सतत जारी रहे। नवीन व्यवस्था के संबंध में समुचित गाइडलाइन प्रस्तुत किये जाएँ।’’

बता दें कि जुलाई माह में, राज्य सरकार ने गाइडलाइन जारी किए थे, जिसके अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक बाजार, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई थी, जबकि शनिवार और रविवार साप्ताहिक बंदी के दिन थे। अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने एक बयान में बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस महामारी पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। 

उन्होंने बताया कि बुधवार को जनपद अलीगढ़, अमेठी, चित्रकूट, एटा, फिरोजाबाद, गोंडा, हाथरस, कासगंज, पीलीभीत, प्रतापगढ़, शामली और सोनभद्र में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड मुक्त हैं। औसतन हर दिन ढाई लाख से अधिक परीक्षण हो रहे हैं, विगत 24 घंटे में हुई दो लाख 39 हजार 909 जांच में 59 जिलों में संक्रमण का एक भी नया मामला नहीं पाया गया, जबकि 16 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। 

उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में उपचाराधीन मामलों की संख्या 505 रह गई है। बयान के अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कक्षा छठी से आठवीं तक की कक्षाओं में नवीन प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाए तथा स्थिति का आकलन करते हुए इन विद्यालयों में एक सितंबर से पठन-पाठन शुरू किया जा सकता है। 

कोरोना के हालात की समीक्षा करते हुए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। बैठक में बताया गया कि अब तक प्रदेश में  06 करोड़ 81 लाख 37 हजार 752 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में हुई जांचों में 27 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसी दौरान में 63 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में अब तक 16 लाख 85 हजार 555 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। मुख्‍यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस स्थिति को और बेहतर करने के लिए ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट की नीति के अनुरूप सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं।

ये भी पढ़ें

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत