1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. UP Elections LIVE: चौथे चरण का मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक 50% वोटिंग

UP Elections LIVE: चौथे चरण का मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक 50% वोटिंग

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 23, 2017 01:15 pm IST,  Updated : Feb 23, 2017 04:23 pm IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिये 12 जिलों की 53 सीटों के लिये दोपहर 3 बजे तक करीब 50 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, बुंदेलखण्ड के जालौन,

UP Elections 2017- India TV Hindi
UP Elections 2017

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिये 12 जिलों की 53 सीटों के लिये दोपहर 3 बजे तक करीब 50 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, बुंदेलखण्ड के जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और फतेहपुर के साथ-साथ रायबरेली, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और इलाहाबाद की 53 सीटों के लिये मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। 3 बजे तक लगभग 50प्रतिशत मतदान हो चुका है।

उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे तक जो मतदाता मतदान केन्द्र के अंदर पहुंच जाएंगे, उन्हें वोट डालने दिया जाएगा। खुशगवार मौसम के बीच सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आ रही हैं। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। चौथे चरण के चुनाव में 61 महिलाओं समेत कुल 680 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।

चौथे चरण में 84 हजार महिला और 1032 अन्य समेत एक करोड़ 84 लाख मतदाता वोट डाल सकेंगे। इस बार 18 से 19 साल के तीन लाख 26 हजार 473 मतदाता भी मतदान कर सकेंगे। इस चरण में इलाहाबाद उत्तरी सीट पर सबसे ज्यादा 26 प्रत्याशी मैदान में हैं, वहीं खागा :फतेहपुर:, मंझनपुर :कौशाम्बी: और कुंडा :प्रतापगढ़: में सबसे कम छह-छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

चौथे चरण के मतदान के लिये कुल 12 हजार 492 मतदान केन्द्र और 19 हजार 487 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। मतदान की व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिये 51 पर्यवेक्षक, आठ पुलिस पर्यवेक्षक, 2090 सूक्ष्म पर्यवेक्षक, 1643 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 222 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 318 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। इस चरण के लिये 3609 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।

मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये पर्याप्त संख्या में केन्द्रीय बल तथा पुलिस बल तैनात किया गया है। वर्ष 2012 में इन 53 सीटों पर हुए चुनाव में सपा को 24 सीटों पर सफलता प्राप्त हुई थी। इसके अलावा बसपा ने 15, कांग्रेस ने छह, भाजपा ने पांच तथा पीस पार्टी ने तीन सीटें जीती थीं।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत