आगरा: कानपुर हत्याकांड के आरोपी और कुख्यात बदमाश विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद उत्तर प्रदेश में बदमाशों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई के दौरान आगरा एसटीएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने बहुचर्चित डॉ. निर्विकल्प के अपहरण में शमिल कुख्यात अपराधी महेश को गिरफ्तार कर लिया है। महेश पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि कुख्यात महेश पर मथुरा के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामलें दर्ज हैं।
Related Stories
महेश को थाना नोहझील क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे के बाजना कट से गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि महेश डॉ निर्विकल्प अग्रवाल के अपहरण कांड में वांछित था। पुलिस के मुबातिक, महेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीते साल 10 दिसंबर की रात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ निर्विकल्प अग्रवाल का अपहरण कर लिया था।
डॉक्टर का अपहरण उस वक्त हुआ जब वो हाईवे थाना क्षेत्र के गोवर्धन फ्लाईओवर से महोली रोड स्थित अपने क्लीनिक से घर लौट रहे थे। 52 लाख की फिरौती की रकम मिलने के बाद डॉ निर्विकल्प अग्रवाल को मुक्त किया गया था।
इस वारदात के बाद पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ आगरा की टीम को सूचना मिली थी कि महेश को यमुना एक्सप्रेस वे के पास बाजना कट पर देखा गया है जिसके बाद उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।