1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Work From Home करेंगे यूपी के अध्यापक, बेसिक शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

Work From Home करेंगे यूपी के अध्यापक, बेसिक शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 29, 2021 04:40 pm IST,  Updated : Apr 29, 2021 04:40 pm IST

यूपी में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सप्ताहांत में लगने वाले लॉकडाउन की अवधि एक दिन और बढ़ा दी गई है। साथ ही कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल अब सत्र के अंत यानी 20 मई तक बंद रहेंगे और शिक्षकों को घर से काम करने की इजाजत होगी।

Work From Home करेंगे यूपी के अध्यापक, बेसिक शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी- India TV Hindi
Work From Home करेंगे यूपी के अध्यापक, बेसिक शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी Image Source : FILE PHOTO

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। गुरुवार (29 अप्रैल) को भी 35 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। जहां एक ओर कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सप्ताहांत में लगने वाले लॉकडाउन की अवधि एक दिन और बढ़ा दी गई है वहीं कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल अब सत्र के अंत यानी 20 मई तक बंद रहेंगे और शिक्षकों को घर से काम करने की इजाजत होगी।

उत्तर प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण की स्थिति के मद्देनजर कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल अब सत्र के अंत यानी 20 मई तक बंद रहेंगे और शिक्षकों को घर से काम करने की इजाजत दी गई है। राज्य के बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने गुरुवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा "कोविड-19 की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अब वर्तमान शैक्षिक सत्र के अंत (20 मई 2021) तक बेसिक शिक्षा परिषद के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की शिक्षिकाओं को घर से कार्य (Work from Home) करने की अनुमति होगी।" पूर्व में कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय /सहायता प्राप्त/ मान्यता प्राप्त व अन्य बोर्डो के विद्यालय को 30 अप्रैल तक शैक्षिक कार्य बंद किए जाने का आदेश जारी किया गया था। 

24 घंटे में सामने आए कोरोना के 35,156 नए मामले 

उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 35,156 नए मामले सामने आए हैं। 25,613 लोग डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 3,09,237 है। पिछले 24 घंटे में 258 लोगों की मृत्यु हुई है। कल प्रदेश में 2,25,312 सैंपल की जांच की गई।

सप्ताहांत में लगने वाले लॉकडाउन की अवधि एक दिन और बढ़ी 

उत्तर प्रदेश सरकार ने सप्ताहांत में लगने वाले लॉकडाउन की अवधि एक दिन और बढ़ा दी है। सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बृहस्पतिवार को यहां बताया कि प्रदेश में अब शुक्रवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक लॉकडाउन रहेगा। पहले यह सोमवार सुबह सात बजे तक लागू रहता था। सहगल ने बताया कि इस दौरान केवल आवश्यक और अनिवार्य सेवाएं ही यथावत जारी रहेंगी। औद्योगिक गतिविधियां और वैक्सीनेशन कार्य साप्ताहिक बंदी में भी जारी रहेगा। इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई एक समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया। 

सहगल के मुताबिक, ‘‘मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि कोविड संक्रमण की तेज दर में मरीजों की तादाद बढ़ी है। इस बार की लहर में ऑक्सीजन की मांग सामान्य से कई गुना अधिक बढ़ी है। इस संबंध में व्यवस्था कराई जा रही है। मगर कुछ लोग अनावश्यक भय के कारण ऑक्सीजन सिलिंडर की जमाखोरी करने में लग गए हैं। रेमेडेसिविर जैसी जीवनरक्षक मानी जा रही दवा की कालाबाजारी कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।’’ 

योगी ने निर्देश दिए ‘‘विशेषज्ञ चिकित्सकों का पैनल गठित कर लोगों को सही जानकारी दी जाए। किसे अस्पताल में भर्ती होना जरूरी है, किसे रेमेडेसिविर की जरूरत है और किन मरीज को ऑक्सीजन की अनिवार्यता है। अनावश्यक भय और अज्ञानता के कारण लोग इन आवश्यक चीजों का संग्रहण कर रहे हैं। इससे व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कुछ अस्पतालों द्वारा मरीजों से अवैध वसूली की शिकायत मिली है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत