1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. RTI के बदले मिली मौत, प्रधान के गुर्गों ने जान से मारा, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

RTI के बदले मिली मौत, प्रधान के गुर्गों ने जान से मारा, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

 Published : Nov 30, 2022 03:17 pm IST,  Updated : Nov 30, 2022 03:22 pm IST

गुर्गों ने रविवार को लाठी-डंडों और धारदार हथियार से एक युवक के ऊपर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

 ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह के खिलाफ आरटीआई दायर की थी - India TV Hindi
ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह के खिलाफ आरटीआई दायर की थी Image Source : FILE PHOTO

अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र में स्थानीय ग्राम प्रधान के खिलाफ सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगने वाले 32 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

प्रधान के खिलाफ RTI दायर किया था 

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान देवजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार देवजीत सिंह ने ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह के खिलाफ आरटीआई दायर की थी जो कथित रूप से जमीन हथियाने और अन्य भ्रष्टाचार में शामिल था। इगलास के थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि देवजीत गांव में एक साइबर कैफे चलाता था और उसने आरटीआई दायर की थी तथा ग्राम प्रधान के खिलाफ भ्रष्टाचार एवं गांव में विकास कार्यों में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी।

प्रधान के गुर्गों ने की हत्या 
अधिकारी ने कहा कि सिंह के परिजनों ने दावा किया कि ग्राम प्रधान और उसके गुर्गों ने रविवार को लाठी-डंडों और धारदार हथियार से उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसका भाई सुरेंद्र सिंह भी हमले में घायल हुआ था जिसका अस्पताल में इलाज हो रहा है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जाती है। 

इन लोगों की गिफ्तारी की गई 
देवजीत सिंह के परिजनों द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, उसके बेटे कार्तिक और छह अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 (हत्या), 147 (दंगा), 506 (आपराधिक धमकी) एवं अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के बाद मामले में संलिप्तता के आरोप में आईपीसी की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) के तहत लवकुश और दिनेश के नाम भी प्राथमिकी में जोड़े गए। उन्होंने कहा कि हरवीर, लवकुश और दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य को पकड़ने का प्रयास जारी है। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत