1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Police raid on hookah bar: ग्रेटर नोएडा के हुक्का बार में पुलिस का छापा, दो दर्जन से अधिक लड़के लड़िकयां हिरासत में

Police raid on hookah bar: ग्रेटर नोएडा के हुक्का बार में पुलिस का छापा, दो दर्जन से अधिक लड़के लड़िकयां हिरासत में

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Aug 22, 2022 05:09 pm IST,  Updated : Aug 22, 2022 05:09 pm IST

Police raid on hookah bar: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अवैध हुक्का बार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। चोरी छुपे मॉल से लेकर होटलों और रेस्टोरेंट में हुक्का बार चलाए जा रहे हैं। इससे छात्र-छात्राओं के चरित्र पर बुरा असर पड़ रहा है। ताजा मामला यूपी के ग्रेटर नोएडा का है।

Hookah bar- India TV Hindi
Hookah bar Image Source : IANS

Highlights

  • माल में चल रहा था हुक्का बार
  • पुलिस ने छापे में पकड़ा 29 लड़के-लड़कियां
  • बार में नशा और मौज-मस्ती करते मिले लड़के-लड़कियां

Police raid on hookah bar: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अवैध हुक्का बार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। चोरी छुपे मॉल से लेकर होटलों और रेस्टोरेंट में हुक्का बार चलाए जा रहे हैं। इससे छात्र-छात्राओं के चरित्र पर बुरा असर पड़ रहा है। ताजा मामला यूपी के ग्रेटर नोएडा का है, जहां एक मॉल के अंदर चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस के साथ आबकारी विभाग की टीम भी मौजूद थी। अचानक मारे गए इस छापे में 29 लड़के-लड़कियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह सभी लड़के लड़कियां सभ्रांत परिवारों से ताल्लुक रखने वाले बताए जा रहे हैं। 

पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा के अंसल मॉल में यह हुक्का बार चलाया जा रहा था। पुलिस को जब इस बारे में गुप्ता सूचना मिली तो यहां छापेमारी का औचक प्लान तैयार किया गया। योजना के तहत पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने यहां एक साथ छापेमारी की। मौके पर हुक्का बार का नजारा देखकर पुलिस हैरान रह गई। यहां लड़के-लड़कियां नशीले पदार्थ का सेवन करके मौज-मस्ती कर रहे थे। मौके पर पुलिस ने भारी मात्रा में हुक्के में डाला जाने वाला नशीला पाउडर भी बरामद किया। इस हुक्के को पीने के बाद युवक-युवतियां नशे में डूब जाते थे और फिर वह मौज-मस्ती में मशगूल हो जाया करते थे। पुलिस के अनुसार हुक्का बार में शराब भी पिलाने का काम किया जा रहा था।  औचक छापे के दौरान काफी कर्मचारी इधर-उधर भाग खड़े हुए। जबकि मौके पर 29 लड़के व लड़कियों को धर दबोचा गया। 

नालेज पार्क के पास चलाया जा रहा था हुक्का बार

 ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की छापेमारी लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार अंसल प्लाजा मॉल में इस हुक्का बार को चलाया जा रहा था। बार में भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच कर कार्रवाई कर रही है। मौके पर डीसीपी, एडीसीपी आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर एसएचओ समेत भारी पुलिस फोर्स मौजूद है। शराब और बीयर की बोतलें भी बरामद हुई हैं। हुक्का बार का नाम लुसिफर था। पुलिस को और आबकारी विभाग को शिकायत मिली थी कि काफी समय से चोरी छुपे हुक्का बार और उसकी आड़ में शराब लड़के लड़कियों को परोसी जा रही है।

ज्यादातर हैं छात्र-छात्राएं
हुक्का बार में पकड़े गए ज्यादातर लड़के व लड़कियां छात्र-छात्राएं हैं, जो कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के नामी-गिरामी कालेजों में पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें से काफी छात्र-छात्राएं यूपी और अन्य राज्यों के भी रहने वाले हैं। जो यहां आकर पढ़ाई और नौकरी कर रहे हैं। अपने घर वालों की चोरी से यह सभी हुक्का पीने, शराब का नशा करने और मौज-मस्ती करने के लिए हुक्का बार में जाया करते थे। अब पुलिस ने इन सभी को धर दबोचा है। इसके बाद सभी पुलिस से छोड़े जाने और घर वालों को सूचना नहीं देने के लिए मिन्नतें करते हुए गिड़गिड़ा रहे हैं। 

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में हुक्का बार की बाढ़
पुलिस भले ही लगातार हुक्का बारों पर छापे मार रही हो, लेकिन अभी भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दर्जनों अवैध हुक्का बार चलाए जा रहे हैं, जहां पाश्चात्य शैली की भट्ठी में युवक-युवतियों को झोंका जा रहा है। ऐसे युवक युवतियां पढ़ाई और नौकरी करने इस शहर में आते हैं। मगर वह नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। पुलिस का अभियान नशे के खिलाफ भी है। ताकि युवक-युवतियों को इसके गिरफ्त में जाने से रोका जा सके। मगर अवैध हुक्काबारों ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत