1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Shrikant Tyagi: श्रीकांत त्यागी के समर्थन में किया था प्रदर्शन, नोएडा पुलिस ने 75 लोगों पर दर्ज की FIR

Shrikant Tyagi: श्रीकांत त्यागी के समर्थन में किया था प्रदर्शन, नोएडा पुलिस ने 75 लोगों पर दर्ज की FIR

 Published : Sep 29, 2022 10:57 pm IST,  Updated : Sep 29, 2022 10:57 pm IST

Shrikant Tyagi: नोएडा पुलिस ने जेल में बंद नेता श्रीकांत त्यागी की सोसायटी के बाहर उनके समर्थन में प्रदर्शन करने पर करीब 75 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।

Noida Police registers case against 75 people for protesting in support of Shrikant Tyagi- India TV Hindi
Noida Police registers case against 75 people for protesting in support of Shrikant Tyagi Image Source : PTI FILE PHOTO

Highlights

  • करीब डेढ़ महीने से जेल में बंद हैं श्रीकांत त्यागी
  • त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज
  • समर्थन में प्रदर्शन करने वालों पर हुई एफआईआर

Shrikant Tyagi: नोएडा पुलिस ने जेल में बंद नेता श्रीकांत त्यागी की सोसायटी के बाहर उनके समर्थन में प्रदर्शन करने पर करीब 75 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें ज्यादातर लोग त्यागी समुदाय के ही हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। स्थानीय थाने के प्रभारी की शिकायत पर दर्ज की गयी प्राथमिकी के अनुसार छह नामजद व्यक्तियों समेत प्रदर्शनकारियों पर गौतम बुद्ध नगर जिले में लगायी गयी धारा 144 का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया।

अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकी में जिन लोगों के नाम हैं वे पूर्व नेता मांगेय राम त्यागी, ज्ञानेश्वर प्रधान, सुशांत त्यागी, आदेश त्यागी, रवींद्र राजपूत, शोभा त्यागी हैं। मांगेय राम त्यागी ने प्रदर्शन की अगुवाई की। अपार्टमेंट के साझा क्षेत्र में श्रीकांत त्यागी के कथित अतिक्रमण को लेकर पांच अगस्त को एक महिला ने जब त्यागी के सामने विरोध दर्ज कराया था तब विवाद उत्पन्न हो गया था। कैमरे में त्यागी को इस महिला पर हमला करते हुए देखा गया।

डेढ़ महीने से जेल में बंद हैं श्रीकांत त्यागी

नोएडा की एक महिला के साथ मारपीट और अपशब्द कहने वाले कथित वीडियो के सामने आने के बाद त्यागी को 9 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। नोएडा पुलिस ने त्यागी (34) को नौ अगस्त को मेरठ से गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम और असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। गैंगस्टर अधिनियम के अलावा त्यागी पर उसकी कारों पर ऐसे स्टिकर और राज्य सरकार के प्रतीक का उपयोग करने के आरोप में धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया गया था, जो केवल विधानसभा सदस्यों को जारी किए जाते हैं। त्यागी को भाजपा का पदाधिकारी बताया गया था। हालांकि, पार्टी ने उसके साथ संबंधों से इनकार किया था।

त्यागी के अपार्टमेंट के बाहर फिर लगाए गए पेड़
वहीं जेल में बंद नेता श्रीकांत त्यागी के नोएडा स्थित अपार्टमेंट के बाहर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद मंगलवार को 12 से अधिक ताड़ के पेड़ फिर से लगाए गए। त्यागी वृक्षारोपण पर आपत्ति जताने वाली एक महिला को साथ कथित दुर्व्यवहार करने के मामले में दो महीने पहले सुर्खियों में आए थे। इससे पहले, त्यागी समुदाय के एक नेता ने धमकी दी थी कि यदि 48 घंटों के भीतर त्यागी के घर के बाहर फिर से पेड़ नहीं लगाए गए, तो प्रदर्शन किया जाएगा।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत