1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी के सभी महानगरों में बनेगी स्पेशल फूड स्ट्रीट, देशभर के खाने का राज्य के लोग लेंगे लुत्फ, सीएम योगी ने बनाया प्लान

यूपी के सभी महानगरों में बनेगी स्पेशल फूड स्ट्रीट, देशभर के खाने का राज्य के लोग लेंगे लुत्फ, सीएम योगी ने बनाया प्लान

 Reported By: PTI Edited By: Akash Mishra
 Published : Dec 25, 2022 07:21 pm IST,  Updated : Dec 25, 2022 07:21 pm IST

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि हर महानगर के अंदर एक ऐसी फूड स्ट्रीट बनाएं, जहां लोगों को विभिन्न समाजों से जुड़े खान-पान की चीजें मिल सकें।

सीएम योगी आदित्यनाथ(फाइल फोटो)- India TV Hindi
सीएम योगी आदित्यनाथ(फाइल फोटो) Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि भारत के अलग-अलग राज्यों के खानपान भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इस खानपान के बाद जो स्वाद और ऊर्जा है वो एक जैसी होती है। राज्य के सीएम ने कहा कि हर महानगर के अंदर खान-पान की एक ऐसी गली बनाएं जहां लोगों को विभिन्न समाजों से जुड़े खान-पान की चीजें मिल सके। 

'फूड स्ट्रीट्स बताएंगी कि किस राज्य में कैसा खाना मिलेगा'

सीएम योगी ने कहा कि यह फूड स्ट्रीट्स लोगों को अलग-अलग राज्‍यों के खानपान और परिवेश से परिचित कराएगी। उन्होंने  कहा कि लोग परिवार के साथ जाकर देख भी सकेंगे कि अगर उन्हें तमिलनाडु जाना है तो वहां खाने को क्या मिलेगा, पंजाब जाना है तो वहां क्या मिलेगा और केरल, उत्तराखंड जैसी जगहों पर जाएंगे तो क्या खाने को मिलेगा क्योंकि ये सभी खानपान विशिष्ट हैं। 

'ये सभी संस्कृतियां देश की ताकत हैं'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसी कोशिश होनी चाहिए कि कुछ स्पेशल गलियां बनें जो खानपान के लिए ही चिन्हित हों और वो भी अलग-अलग परंपरा से जुड़ी हों। तमिल का खानपान भी हो, मलयालम का भी हो, तेलुगू भी हो, राजस्थानी भी हो, पंजाबी भी हो, सिंधी भी हो, उत्तराखंडी भी हो और उत्तराखंड में भी गढ़वाल का भी हो, कुमाऊं का भी हो, जौनसार का भी हो। 

सीएम योगी ने कहा कि ऐसे ही उत्तर प्रदेश में भोजपुर, अवध, बुंदेलखंड और ब्रज का भी हो। ये सभी संस्कृतियां देश की ताकत हैं। इसके साथ जुड़ा हमारा इतिहास, हमारा गौरव और गौरव की अनुभूति किसी भी समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करता है। इसे लगातार आगे बढ़ाने की भी जरूरत है। 

'भारत की विशेषता है कि उसमें अनेकता है'

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब जानते हैं कि भारत की विशेषता है कि उसमें अनेकता है, खान पान, वेशभूषा, भाषा, इन सब में अनेकता है, लेकिन भाव और भंगिमा हम सबकी एक है। काशी-तमिल संगमम का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाज की संस्कृति ही उसकी आत्मा है जो हम सबको एक सूत्र में पिरोती है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत